
बिलासपुर। देशभर में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती नजर आ रही है। गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर रोजाना लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर लेने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति किसी तरह जारी है, लेकिन कमर्शियल गैस की कमी का असर होटल और ढाबों पर साफ दिखाई देने लगा है। कई छोटे होटल और ढाबे गैस नहीं मिलने के कारण अस्थायी रूप से बंद भी हो गए हैं।
इसी मुद्दे को लेकर रविवार को सरकंडा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 62 शास्त्री नगर स्थित कपिल नगर में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने गैस के पाइप को नाली में डालकर गैस जलाने का प्रयास किया और उसी पर चाय बनाने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं ने चायपत्ती, दूध और पतीली रखकर प्रतीकात्मक रूप से चाय बनाने का प्रयास किया, हालांकि वे इसमें सफल नहीं हो पाए।
दरअसल कुछ दिनों पहले नाली से गैस बनने से जुड़ा एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उसी को लेकर कार्यकर्ताओं ने यह अनोखा प्रदर्शन किया और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस की किल्लत के बावजूद सिलेंडर के दामों में 60 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम जनता की परेशानी और बढ़ गई है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गैस की कमी से आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और ढाबा संचालक भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति की समस्या का समाधान नहीं किया गया और कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में और उग्र आंदोलन किया जाएगा।



