Latest news

ग्रामीण ने समझा बच्चा चोर….झाड़-फूंक के बहाने घर से सोना-चांदी और नकदी पार, दो साल से फरार महिला गिरफ्तार, सीपत पुलिस की कार्रवाई; पति के साथ मिलकर की थी नकबजनी, आरोपी की हो चुकी है मौत

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम कुकदा में झाड़-फूंक के बहाने घर में रखे सोना-चांदी के जेवर और नकदी पार करने के मामले में पुलिस ने दो साल से फरार चल रही महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


सीपत पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी झुनिया बाई सौरा उर्फ शांति बाई (55 वर्ष) पति स्व. जनक राम सौरा निवासी ग्राम जाली थाना रतनपुर जिला बिलासपुर है, जो वर्तमान में चकरभाठा थाना क्षेत्र के सौरा मोहल्ला में रह रही थी।
झाड़-फूंक के बहाने घर पहुंचकर की वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुकदा बजरंग चौक निवासी मनीषा कानगो (19 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 दिसंबर 2023 की रात करीब 11:45 बजे उसके पिता अनिल कानगो और मां गोंदा बाई कानगो ने झाड़-फूंक कराने के लिए जनक राम सौरा और उसकी पत्नी झुनिया बाई को ग्राम जाली से बुलाया था।
झाड़-फूंक के दौरान घर में रखी एक पेटी में 50 हजार रुपए नगद, लगभग 40 ग्राम चांदी की एक जोड़ी पायल, एक तोला की बिछिया की जोड़ी, एक-एक माशा की दो सोने की फुली और आधा-आधा तोला की दो चांदी की अंगूठियां रखकर ताला लगा दिया गया था और चाबी मनीषा की मां को सौंप दी गई थी।
इसके बाद जनक राम सौरा ने परिवार के लोगों को नींबू देकर घर के बाहर आंगन सहित अन्य जगहों पर गाड़ने के लिए कहा। परिवार के लोग नींबू गाड़ने बाहर चले गए। करीब दस मिनट बाद जब वे वापस कमरे में पहुंचे तो आरोपी दंपती ने उन्हें हिदायत दी कि रात भर दिया जलने देना और पेटी नहीं खोलना, इसके बाद दोनों वहां से चले गए।
सुबह खुला चोरी का राज
अगली सुबह जब पेटी खोली गई तो उसमें रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवर गायब थे। कुल मिलाकर करीब 60 हजार रुपए की चोरी हो चुकी थी। घटना की रिपोर्ट पर सीपत थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस आरोपी दंपती की तलाश कर रही थी।
आरोपी पति की मौत, महिला फरार
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी जनक राम सौरा की मौत हो चुकी है, जबकि उसकी पत्नी झुनिया बाई जमीन-जायदाद बेचकर फरार हो गई थी।
मुखबिर सूचना पर पकड़ी गई
14 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चकरभाठा क्षेत्र की कुछ महिलाएं ग्राम बनियाडीह में घूम रही हैं। सूचना पर पुलिस टीम महिला आरक्षक के साथ मौके पर पहुंची और संदेह के आधार पर पूछताछ की।
शुरुआत में महिला ने अपना नाम-पता गलत बताया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम झुनिया बाई उर्फ शांति बाई होना स्वीकार किया। मामले में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजी गई जेल
सीपत पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।