Latest news

महिला उद्यमियों के लिए बड़ा मौका: ‘नारी वंदन अवार्ड्स-2026’ के लिए आवेदन शुरू, राष्ट्रीय मंच पर मिलेगा सम्मान

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

कैट बिलासपुर की अपील- व्यापार, स्टार्टअप, फैशन, फूड और सेवा क्षेत्र से जुड़ी महिलाएं बढ़-चढ़कर करें नामांकन; आवेदन पूरी तरह निशुल्क
बिलासपुर। व्यापार और उद्योग जगत में अपनी पहचान बना रही महिला उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की राष्ट्रीय महिला इकाई और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘नारी वंदन अवार्ड्स-2026’ के लिए देशभर से नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। कैट बिलासपुर ने जिले और आसपास के क्षेत्रों की महिला उद्यमियों, स्टार्टअप संचालकों और महिला संगठनों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र गांधी, राष्ट्रीय सचिव राजू सलूजा, जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह, कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप खंडेलवाल सहित संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान उन महिलाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का मंच है, जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
बिलासपुर की महिलाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का अवसर
कैट बिलासपुर के जिला अध्यक्ष हीरानंद जयसिंह ने बताया कि बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाएं व्यापार, विनिर्माण, हस्तशिल्प, सेवा क्षेत्र, सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी वंदन अवार्ड्स ऐसी महिलाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान स्थापित करने और अपने कार्यों को देशभर के सामने प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और उन्हें बड़े व्यापारिक नेटवर्क से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है।
भारत मंडपम में होगा भव्य आयोजन
आयोजकों के अनुसार यह सम्मान समारोह आगामी 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव-2026 के दौरान संपन्न होगा।
चार दिवसीय इस आयोजन में देशभर के उद्योगपति, कारोबारी, स्टार्टअप प्रतिनिधि, नीति निर्माता और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। इसी मंच पर चयनित महिला उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।
नामांकन पूरी तरह निशुल्क, 20 जुलाई अंतिम तिथि
कैट बिलासपुर के कोषाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि नारी वंदन अवार्ड्स-2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए किसी प्रकार का नामांकन शुल्क नहीं रखा गया है और आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजनों में अक्सर पंजीयन शुल्क लिया जाता है, लेकिन महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इसे नि:शुल्क रखा गया है ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसमें भाग ले सकें।
विजेताओं को मिलेगा राष्ट्रीय नेटवर्क और पहचान
संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि पुरस्कार विजेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान, मीडिया कवरेज और सम्मान मिलने के साथ-साथ देश के प्रमुख उद्योगपतियों, व्यापारिक संगठनों और नीति निर्माताओं से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा।
कैट के पदाधिकारियों के अनुसार यह मंच महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय के विस्तार, निवेश संभावनाओं और नए व्यावसायिक संपर्कों के लिए भी लाभदायक साबित हो सकता है।
इन क्षेत्रों की महिलाएं कर सकती हैं आवेदन
कैट बिलासपुर ने विशेष रूप से व्यापार, एमएसएमई, स्टार्टअप, फैशन, फूड प्रोसेसिंग, वेलनेस, सेवा क्षेत्र, हस्तशिल्प, विनिर्माण और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
संगठन का कहना है कि जिले की कई महिलाएं अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की आवश्यकता है।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक महिला उद्यमी कैट द्वारा जारी आधिकारिक पोस्टर में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर ऑनलाइन नामांकन पोर्टल पर सीधे आवेदन कर सकती हैं।
इसके अलावा नामांकन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए कैट बिलासपुर महिला इकाई के पदाधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए भारतीय व्यापार महोत्सव (बीवीएम) सचिवालय के हेल्पलाइन नंबर +91 97170 37324 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
प्रमुख बातें
नारी वंदन अवार्ड्स-2026 के लिए देशभर से आवेदन आमंत्रित।
कैट और आईटीपीओ के संयुक्त तत्वावधान में होगा आयोजन।
12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा सम्मान समारोह।
आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2026।
नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क।
महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स, एमएसएमई और विभिन्न व्यवसायिक क्षेत्रों की महिलाओं को मिलेगा अवसर।
विजेताओं को राष्ट्रीय पहचान, मीडिया कवरेज और बड़े व्यापारिक नेटवर्क से जुड़ने का मौका।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।