Latest news

24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा: प्रेमी का गला घोंटकर हत्या करने वाली प्रेमिका गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

सीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अवैध संबंध और विवाद बना हत्या की वजह; आरोपी महिला न्यायिक रिमांड पर भेजी गई
बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए हत्या की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपी महिला के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। घटना वाले दिन दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने गला दबाकर प्रेमी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर की कोला-बाड़ी में छोड़कर फरार हो गई।
पुलिस ने मामले में उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास (30 वर्ष), निवासी दर्राभाठा, थाना सीपत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कोला-बाड़ी में मिला था युवक का शव
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को ग्राम कौड़िया निवासी दुर्गा प्रसाद पटेल ने सूचना दी कि चंद्रप्रकाश पटेल अपने घर की कोला-बाड़ी में पीठ के बल मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर सीपत पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया। जिला मुख्यालय से पहुंची सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
जांच में खुला प्रेम संबंध का राज
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक के ग्राम दर्राभाठा निवासी उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास से अवैध संबंध थे। घटना वाले दिन भी महिला मृतक के घर आई थी और दोनों के बीच विवाद हुआ था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसकी और चंद्रप्रकाश की पिछले दो वर्षों से जान-पहचान थी और दोनों प्रेम संबंध में थे। घटना वाले दिन वह अपनी स्कूटी (सीजी 18 ए 2182) से चंद्रप्रकाश से मिलने उसके घर गई थी। उस समय चंद्रप्रकाश शराब के नशे में था और उस पर इधर-उधर घूमने का आरोप लगाकर गाली-गलौज करने लगा।
महिला के अनुसार विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान चंद्रप्रकाश ने उसका गला दबाना शुरू कर दिया। बचाव में उसने भी चंद्रप्रकाश का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसने शव को कोला-बाड़ी में छोड़ दिया और वहां से भाग गई।
24 घंटे में सुलझा मामला
पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुख्य बातें
सीपत थाना क्षेत्र में अंधे कत्ल का 24 घंटे में खुलासा।
प्रेम संबंध और आपसी विवाद बना हत्या की वजह।
आरोपी महिला ने पूछताछ में गला घोंटकर हत्या करना स्वीकार किया।
हत्या के बाद शव को कोला-बाड़ी में छोड़कर फरार हो गई थी।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।