बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ में पंजाबी समाज की महिलाओं को एक मंच पर संगठित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ प्रांतीय सर्व पंजाबी महिला संस्था का गठन किया गया है। संस्था का गठन शशि आहूजा के अथक प्रयासों से किया गया।


बताया गया कि प्रदेश के विभिन्न शहरों में पंजाबी समाज की महिलाएं सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। इसके साथ ही जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता के लिए भी वे बढ़-चढ़कर समाजसेवा का कार्य कर रही हैं। इन्हीं प्रयासों को एकजुट कर संगठनात्मक रूप देने के उद्देश्य से यह प्रांतीय संस्था बनाई गई है।
संस्था के गठन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की सभी सामाजिक महिलाओं को एक मंच पर लाना, एकता और मैत्री को बढ़ावा देना, विचारों का आदान-प्रदान करना, एक-दूसरे से सीखने के अवसर प्रदान करना तथा संगठन की शक्ति के माध्यम से समाज में बेहतर कार्य करना बताया गया है।
इस पहल पर शामिल सदस्यों ने खुशी जाहिर करते हुए सहर्ष अपनी सहमति दी। शशि आहूजा ने बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, रायगढ़, जगदलपुर, कोरबा, अभनपुर, कवर्धा, पामगढ़, चांपा, लोरमी, बेमेतरा और भिलाई के सदस्यों की वर्चुअल बैठक लेकर संस्था के उद्देश्यों की जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि शीघ्र ही सभी के सहयोग से संस्था का विस्तार किया जाएगा और छत्तीसगढ़ की प्रांतीय टीम का गठन किया जाएगा।
बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने विचार भी रखे। इस दौरान शशि आहूजा ने प्रांतीय अध्यक्ष पद के लिए रंजीत कौर दुआ का नाम प्रस्तावित किया। उषा अरोरा ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया और जगदीश सलूजा ने समर्थन दिया। उपस्थित सभी सदस्यों ने करतल ध्वनि से स्वागत करते हुए अपनी सहमति दी।
छत्तीसगढ़ प्रांतीय सर्व पंजाबी महिला संस्था की प्रथम बैठक में संस्थापिका शशि आहूजा, अध्यक्ष रंजीत कौर दुआ, पम्मी गुम्बर, बलजीत कौर अजमानी, उषा अरोरा, तृप्ता कैम्बो, परमजीत कौर छाबड़ा, ममता वासन, जीत उपवेजा, जगदीश सलूजा, रश्मि छाबड़ा, सतिंदर चथरथ, मनदीप कौर खनूजा, मीनू उबेजा, छाया कटारिया, पिंकी खनूजा, गुरजीत कौर गांधी, दीप सलूजा, चांदनी सलूजा, भावना खुल्लर, सोनिया नायर, कोमल अरोरा, शालू खुल्लर, किरण सलूजा, अमरजीत कथूर, निक्की सलूजा, रानी पिपलानी और अंजू सलूजा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



