बिलासपुर। शहर के मंगला क्षेत्र स्थित गजमोहिनी अपार्टमेंट में आज अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। अपार्टमेंट के एक हिस्से में स्थित मकान के अंदर इलेक्ट्रॉनिक आइटम का गोदाम संचालित किया जा रहा था, जहां से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से फैल गई, जिससे गोदाम में रखे लाखों रुपए के इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं ताकि आग अन्य हिस्सों में न फैल सके।
घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
खबर में अपडेट जारी

