Latest news

छत्तीसगढ़ की 66 लाख महिलाओं को बड़ी खुशखबरी…

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डीबीटी से 626.25 करोड़ रुपए किए ट्रांसफर, अब तक 18,805.83 करोड़ रुपए सीधे खातों में पहुंचे
रायपुर, 11 जुलाई। छत्तीसगढ़ की 66 लाख से अधिक महिलाओं के लिए शनिवार बड़ी खुशखबरी लेकर आया। राज्य सरकार ने महतारी वंदन योजना की 29वीं किश्त जारी कर पात्र महिलाओं के बैंक खातों में एक-एक हजार रुपए की राशि भेज दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए कुल 626.25 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में अंतरित किए।
योजना के तहत यह लगातार 29वीं किश्त है। इसके साथ ही मार्च 2024 में योजना शुरू होने के बाद से अब तक महिलाओं के खातों में 18,805.83 करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना अब केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सम्मान की पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने बताया कि इस राशि से उन्होंने छोटे व्यवसाय शुरू किए, सिलाई-कढ़ाई का काम बढ़ाया, बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जरूरतों को पूरा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए महतारी वंदन योजना के साथ लखपति दीदी जैसी योजनाओं पर भी तेजी से काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-केवाईसी का काम जल्द पूरा कर सभी पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाया जाए, विशेषकर बस्तर संभाग में इस अभियान को प्राथमिकता दी जाए।
क्या है महतारी वंदन योजना?
राज्य सरकार ने 1 मार्च 2024 से महतारी वंदन योजना लागू की है। इसके तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।
एक नजर में
66 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे 1-1 हजार रुपए।
626.25 करोड़ रुपए की 29वीं किश्त डीबीटी से जारी।
29 किश्तों में अब तक 18,805.83 करोड़ रुपए का भुगतान।
1 मार्च 2024 से लागू है महतारी वंदन योजना।
मुख्यमंत्री ने सभी पात्र महिलाओं तक लाभ पहुंचाने के लिए ई-केवाईसी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।