ओडिशा से राजस्थान तक फैला था रूट, टाटा ट्रेलर में फ्लोर्सपार पाउडर के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था 209 किलो गांजा; एक आरोपी और एक नाबालिग पकड़े गए
सक्ती, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फगुरम चौकी और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में ओडिशा से राजस्थान ले जाई जा रही दो क्विंटल से अधिक गांजा की खेप पकड़ी गई है। पुलिस ने 208.965 किलोग्राम गांजा, परिवहन में प्रयुक्त ट्रेलर, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री समेत कुल 1 करोड़ 66 लाख 20 हजार 460 रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामले में राजस्थान निवासी एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


26 घंटे तक चली निगरानी, नाकाबंदी और चेकिंग के बाद मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भापुसे) के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 जून 2026 को चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली को मुखबिर से सूचना मिली कि टाटा सिगना ट्रेलर क्रमांक RJ09GC-5216 में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर ओडिशा से चंद्रपुर, फगुरम और खरसिया मार्ग होते हुए राजस्थान ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी डभरा सुमीत गुप्ता तथा थाना प्रभारी डभरा निरीक्षक राजेश पटेल को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम गठित कर लगातार 26 घंटे तक संदिग्ध वाहनों की निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया गया।
ढाबे के सामने ट्रेलर रोका, तलाशी में निकली करोड़ों की खेप
खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग स्थित बोडासागर के सामने सागर फैमिली ढाबा के पास नाकाबंदी कर पुलिस टीम ने संदिग्ध ट्रेलर को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रेलर में रखी गई सफेद और नीले रंग की 8 प्लास्टिक बोरियों में गांजा बरामद हुआ।
प्रत्येक बोरी में 5-5 पैकेट रखे गए थे। कुल 40 पैकेट भूरे रंग के टेप से लिपटे हुए मिले, जिनमें लगभग 208.965 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था।
फ्लोर्सपार पाउडर की आड़ में छिपाई गई थी खेप
पुलिस जांच में सामने आया कि गांजा को ट्रेलर में लोड फ्लोर्सपार पाउडर के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके। ट्रेलर में भरे फ्लोर्सपार पाउडर की कीमत भी लगभग 21 लाख 42 हजार 210 रुपए आंकी गई है।
राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़ा गया
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अर्पित सिंह (20 वर्ष), पिता रमेश सिंह, निवासी थाना जेवाजा, जिला अजमेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। मामले में एक अपचारी बालक को भी पकड़ा गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 219/2026 दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया।
क्या-क्या हुआ जब्त
208.965 किलोग्राम गांजा₹1,04,48,250टाटा सिगना ट्रेलर RJ09GC-5216₹40,00,000फ्लोर्सपार पाउडर₹21,42,210वीवो कंपनी के 2 मोबाइल₹30,000कुल जब्ती₹1,66,20,460
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। बरामद गांजा और अन्य सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया गया है।
इन अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई में चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर, सहायक उप निरीक्षक हीराराम संवरा, प्रधान आरक्षक टीकम सिंह साद, अश्वनी सिदार, लक्ष्मीनारायण राठौर, साइबर सेल के आरक्षक अलेक्स मिंज, नान्हीराम यादव, फारूख खान, अनिल रात्रे, दिनेश कुमार पटेल एवं अविनाश देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सक्ती पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ हाल के वर्षों की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाई माना जा रहा है, जिसमें अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ी करोड़ों रुपये की खेप को गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया।



