वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क और विकास प्रदर्शनी के जरिए भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां
बिलासपुर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने बिलासपुर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अमर अग्रवाल ने वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क और विकास प्रदर्शनी में शामिल होकर मोदी सरकार के कार्यकाल को सेवा, सुशासन और विकास का स्वर्णिम दौर बताया। इस दौरान भाजपा के युवा नेताओं ने भी कहा कि पिछले 12 वर्षों में बिलासपुर को कई बड़े प्रोजेक्ट मिले हैं, जिससे शहर की पहचान और विकास को नई गति मिली है।

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हेमू नगर स्थित इशिका पार्क में वृक्षारोपण करते हुए अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरित विकास और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।
इसके बाद हेमू नगर स्थित दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की गई। मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने साफ-सफाई भी की। अमर अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है और मोदी सरकार ने इसे जनभागीदारी का आंदोलन बनाया है।






घर-घर पहुंची भाजपा, लोगों को बताईं सरकार की उपलब्धियां
विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत हेमू नगर, विवेकानंद नगर, शहीद भगत सिंह नगर, इंदिरा नगर और टिकरापारा क्षेत्र के शांति अपार्टमेंट में नागरिकों, प्रबुद्धजनों और सामाजिक प्रतिनिधियों से मुलाकात की गई। इस दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, गरीब कल्याण कार्यक्रमों, आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण और जनहितकारी फैसलों की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान लोगों से सुझाव भी लिए गए और सरकार की योजनाओं का फीडबैक प्राप्त किया गया। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
विकास प्रदर्शनी में दिखी 12 वर्षों की उपलब्धियों की झलक
अमर अग्रवाल ने राघवेंद्र राव सभा भवन में भाजपा शहर एवं ग्रामीण इकाई द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, आधारभूत संरचना विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रमुख कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में इन 12 वर्षों की उपलब्धियां महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुई हैं। देश में विकास और जनविश्वास का जो वातावरण बना है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
नवनिर्मित शेड का लोकार्पण, नागरिकों को दी सुविधा
कार्यक्रम के दौरान अज्ञेय नगर स्थित आदिशक्ति मंदिर के समीप उद्यान में नवनिर्मित शेड का लोकार्पण भी किया गया। अमर अग्रवाल ने इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित करते हुए कहा कि इससे उद्यान में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी तथा यह सार्वजनिक उपयोग की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगा।
‘विकसित भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा देश’
अमर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। देश आज आत्मनिर्भरता, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विकसित भारत के निर्माण का संकल्प जनभागीदारी के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।



