Latest news

बेलतरा में कल गूंजेगा तीजा तिहार का उल्लास, सावन के झूले पर झूमेंगी बहनें

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में भव्य आयोजन; CM विष्णु देव साय और डिप्टी CM अरुण साव समेत कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
बिलासपुर, 5 सितंबर। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपरा और मातृशक्ति के सम्मान का पर्व ‘तीजा तिहार’ इस बार बेलतरा विधानसभा में भव्य रूप में मनाया जाएगा। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में कमल सखी परिवार एवं भारतीय जनता पार्टी, बेलतरा विधानसभा की बहनों द्वारा 6 सितंबर, रविवार को भव्य तीजा तिहार समारोह आयोजित किया जा रहा है। बहतराई स्थित बी.आर. यादव इनडोर स्टेडियम में सुबह 11 बजे से होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित प्रदेश के अनेक जनप्रतिनिधि और महिला नेत्रियां शामिल होंगी।
कई विशिष्ट अतिथियों की रहेगी मौजूदगी
समारोह में विधायक रेणुका सिंह, विधायक भावना बोहरा, विधायक शकुंतला पोर्ते, महापौर पूजा विधानी, मीना अरुण साव, लीलावती तोखन साहू, शांति केदार कश्यप, शशि अमर अग्रवाल, शशि धर्मजीत सिंह और सुरुज धरमलाल कौशिक सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंग में रंगेगा तीजा तिहार
समारोह में छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू, लोकगीतों की मिठास और पारंपरिक उत्सव का रंग देखने को मिलेगा। लोकप्रिय गायिकाएं गरिमा एवं स्वर्णा दिवाकर अपनी टीम के साथ छत्तीसगढ़ी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देंगी। लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह का माहौल पूरी तरह छत्तीसगढ़ी रंग में रंगा नजर आएगा।
तीजहारिनों के लिए करू भात, सावन झूला; बच्चों के लिए प्लेइंग जोन
आयोजन में तीजहारिन माताओं एवं बहनों के लिए करू भात की व्यवस्था की गई है। पारंपरिक सावन झूला भी समारोह का आकर्षण रहेगा। वहीं बच्चों के लिए आकर्षक प्लेइंग जोन तैयार किया गया है। इसके अलावा अनेक पारंपरिक एवं मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जिससे माताओं, बहनों और बच्चों के लिए समारोह यादगार बनेगा।
विधायक बोले- मातृशक्ति के सम्मान और संस्कृति को सहेजने का प्रयास
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की मातृशक्ति की आस्था, प्रेम, समर्पण और समृद्ध लोकपरंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महज उत्सव नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान के साथ छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का प्रयास है।
उन्होंने बेलतरा विधानसभा सहित बिलासपुर क्षेत्र की सभी माताओं एवं बहनों से समारोह में शामिल होकर इस सांस्कृतिक उत्सव की गरिमा बढ़ाने का आह्वान किया है।
पारंपरिक परिधान में पहुंचने की अपील
कमल सखी परिवार एवं भाजपा बेलतरा विधानसभा ने क्षेत्र की सभी माताओं एवं बहनों से बड़ी संख्या में समारोह में पहुंचने की अपील की है। आयोजकों ने बहनों से पारंपरिक परिधान और पूरे उत्साह के साथ शामिल होकर सामूहिक रूप से तीजा तिहार का उल्लास साझा करने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम एक नजर में
दिनांक: 6 सितंबर 2026, रविवार
समय: सुबह 11 बजे
स्थान: बी.आर. यादव इनडोर स्टेडियम, बहतराई, बिलासपुर
आयोजक: कमल सखी परिवार एवं भाजपा बेलतरा विधानसभा
नेतृत्व: विधायक सुशांत शुक्ला
मुख्य आकर्षण: छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति, सावन झूला, करू भात, बच्चों के लिए प्लेइंग जोन और पारंपरिक-मनोरंजक गतिविधियां

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।