मटकी फोड़ आयोजन में साथियों संग लिया हिस्सा, श्रद्धालुओं को बांटा माखन-मिश्री और फल प्रसाद; राधा-कृष्ण की वेशभूषा में पहुंचे बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

बिलासपुर। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ योग आयोग के पूर्व सदस्य रविंद्र सिंह ने सपरिवार राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने साथियों के साथ आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु जनों को माखन-मिश्री और फल का प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन स्थल पर पहुंचे। पूरे कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
राधा-कृष्ण बनकर पहुंचे नन्हे कलाकार
जन्माष्टमी के मौके पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी आकर्षण का केंद्र बने। बच्चे राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजकर पहुंचे और अपनी कला, गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया और श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।
बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उनकी प्रस्तुतियों के बाद उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में बच्चों और उनके परिजनों में खासा उत्साह रहा। कार्यक्रम के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा, उमंग और सामाजिक सहभागिता के साथ मनाया गया।



