कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई, सिविल लाइन थाने में अज्ञात के खिलाफ केस; पुलिस कर रही पहचान और तलाश
बिलासपुर, 5 सितंबर। बरजेश स्कूल के पास स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ आपत्तिजनक छेड़छाड़ की घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मामले में कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ आपत्तिजनक छेड़छाड़ की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। शिकायतकर्ता के आवेदन पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 1215/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298 एवं 299 के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू की है।
कलेक्टर ने कहा- महापुरुषों की प्रतिमाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपुरुषों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस और संबंधित अधिकारियों को मामले की गंभीरता से जांच करने तथा दोषी व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान शहर की अन्य प्रतिमाओं के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का भी अवलोकन किया गया। पुलिस के अनुसार, फुटेज में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होने वाली महिला द्वारा इस तरह की गतिविधि किए जाने के संकेत मिले हैं।
अब पुलिस संबंधित महिला की पहचान और तलाश में जुटी है। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले महिला की भूमिका को लेकर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों से बचने की अपील
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को सूचना दें।
प्रशासन ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



