Latest news

बिल्हा में टिकट की ‘ताकत’ का ट्रेलर… सियाराम  के शक्ति प्रदर्शन के बीच लक्ष्मी साहू और राजेंद्र शुक्ला भी दौड़ में, ढाई साल पहले ही गरमाई कांग्रेस की सियासत

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read


एसडीएम कार्यालय घेराव में जनसमस्याओं पर कांग्रेस का प्रदर्शन, लेकिन सियासी गलियारों में चर्चा आंदोलन से ज्यादा विधानसभा टिकट की दावेदारी की रही


बिलासपुर/बिल्हा। विधानसभा चुनाव में अभी करीब ढाई साल का समय बाकी है, लेकिन बिल्हा विधानसभा की कांग्रेस राजनीति में टिकट की हलचल अभी से तेज होती दिखाई दे रही है। सोमवार को खाद की कमी, जर्जर सड़कें, पेयजल संकट और बिजली व्यवस्था जैसे जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने बिल्हा में एसडीएम कार्यालय का घेराव किया, लेकिन पूरे घटनाक्रम का सबसे चर्चित पहलू पूर्व विधायक सियाराम कौशिक का शक्ति प्रदर्शन और विधानसभा टिकट की दौड़ में सक्रिय माने जा रहे लक्ष्मी साहू तथा राजेंद्र शुक्ला के नामों को लेकर तेज हुई राजनीतिक चर्चा रही।


शनिचरी बाजार से निकली कांग्रेस की रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। रैली एसडीएम कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शन, नारेबाजी और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों, ग्रामीणों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की गई।


राजनीतिक दृष्टि से इस प्रदर्शन को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि बिल्हा कांग्रेस में विधानसभा टिकट को लेकर कई चेहरे सक्रिय हैं। पूर्व विधायक सियाराम कौशिक लगातार क्षेत्र में सक्रिय कार्यक्रमों के जरिए अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं, वहीं लक्ष्मी साहू और राजेंद्र शुक्ला भी संभावित दावेदारों के रूप में संगठन और क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। ऐसे में सोमवार का प्रदर्शन केवल जनसमस्याओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे बिल्हा की भावी राजनीतिक तस्वीर के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सियाराम कौशिक ने राज्य सरकार पर किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसान खाद के लिए परेशान हैं, कई गांवों में पेयजल संकट गहरा गया है, सड़कें बदहाल हैं और बिजली व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
जिला कांग्रेस (ग्रामीण) अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने भी सरकार पर ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति आम जनता को प्रभावित कर रही है। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (महिला) की अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने भी आंदोलन को जनहित का अभियान बताते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम कार्यालय पहुंचा और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत, शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग की गई।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, ब्लॉक कांग्रेस महिला अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि ज्ञापन में जनसमस्याएं प्रमुख रहीं, लेकिन बिल्हा के राजनीतिक गलियारों में चर्चा इस बात की अधिक रही कि विधानसभा चुनाव से काफी पहले ही सियाराम कौशिक, लक्ष्मी साहू और राजेंद्र शुक्ला के नामों के इर्द-गिर्द टिकट की संभावित दावेदारी ने सियासी तापमान बढ़ाना शुरू कर दिया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।