








बिलासपुर |
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेलतरा और सेंदरी में रविवार को करीब ₹1.90 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि विकास कार्यों को टिकाऊ बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नई बनी सीसी सड़क, आरसीसी नाली और अन्य निर्माण कार्यों की नियमित तराई करें तथा वर्षा ऋतु में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करें।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने अध्यक्षता की, जबकि जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकुमार कौशिक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, ग्रामीण और अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
बेलतरा में 99.50 लाख के कार्य ग्राम पंचायत बेलतरा में लगभग ₹99.50 लाख की लागत से सरस्वती शिशु मंदिर में अतिरिक्त कक्ष, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, व्यावसायिक परिसर, विद्यालय लाइब्रेरी, उचित मूल्य गोदाम, नाली निर्माण, शाला भवन उन्नयन, सामुदायिक भवन, मंच, मुक्तिधाम, आयुर्वेद योगा शेड और सांस्कृतिक मंच सहित कई विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
सेंदरी में 91.02 लाख के विकास कार्य ग्राम पंचायत सेंदरी में करीब ₹91.02 लाख की लागत से विभिन्न वार्डों में आरसीसी नाली, सीसी सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों का लोकार्पण हुआ। इन कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं में राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। बेलतरा विधानसभा में सड़क, शिक्षा, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे लगातार काम करते रहेंगे।
सरपंचों ने जताया आभार
सेंदरी के सरपंच राजेश ध्रुव ने करीब एक करोड़ रुपए के विकास कार्यों की स्वीकृति पर विधायक का आभार जताते हुए कहा कि इससे वर्षों से लंबित मांगें पूरी होंगी। वहीं बेलतरा के सरपंच सुरेश कश्यप ने कहा कि डबल इंजन सरकार में क्षेत्र में सड़क, नाली, शिक्षा और डिजिटल सुविधाओं सहित कई विकास कार्य तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं।
कार्यक्रम में शंकरदयाल शुक्ला, मंडल अध्यक्ष मनीष कौशिक, मणीदास मानिकपुरी, लक्ष्मी सिन्हा, भरत कश्यप, अनिल पांडेय, राज कैवर्त, कमला विजय साहू, दिलहरण साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



