Latest news

छत्तीसगढ़ बना ‘ड्रग्स ट्रांजिट’ तो पुलिस ने खोला शिकारी मोर्चा, रायपुर-बिलासपुर से उठे 12 तस्कर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read


‘नशे के सिंडिकेट’ पर छत्तीसगढ़ पुलिस का सबसे बड़ा प्रहार: रायपुर में गांजा नेटवर्क ध्वस्त, बिलासपुर में पंजाब कनेक्शन बेनकाब; 12 घंटे में 12 तस्कर गिरफ्तार

56.326 किलो गांजा, 3.264 किलो डोडा/पोस्ता, दो महिलाओं समेत 12 तस्कर गिरफ्तार… रायपुर से ओडिशा, हरियाणा-यूपी और बिलासपुर तक फैले ड्रग्स नेटवर्क पर एक साथ चला पुलिस का शिकंजा।
रायपुर/बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने ऐसा संयुक्त प्रहार किया है, जिसने अंतर्राज्यीय ड्रग्स नेटवर्क की कमर तोड़ने का दावा मजबूत कर दिया है। राजधानी रायपुर और न्यायधानी बिलासपुर में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सिर्फ एक दिन में 12 तस्करों को गिरफ्तार कर 56.326 किलोग्राम गांजा और 3.264 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा/पोस्ता बरामद किया है। कार्रवाई की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि पुलिस ने सिर्फ माल नहीं पकड़ा, बल्कि ओडिशा से लेकर हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पंजाब तक फैली सप्लाई चेन की परतें भी खोल दीं।


रायपुर कमिश्नरेट की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), टिकरापारा थाना पुलिस और डीसीपी वेस्ट की टीम ने अलग-अलग ऑपरेशन चलाकर 8 तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि बिलासपुर के तोरवा थाना पुलिस ने 4 आरोपियों को प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ दबोच लिया।


ऑपरेशन-1: रायपुर में 46.100 किलो गांजा… सप्लाई चेन का एंड-टू-एंड नेटवर्क ध्वस्त
रायपुर कमिश्नरेट की एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (ANTF) और टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार क्षेत्र में घेराबंदी कर कमलेश सोनवानी, राजा टंडन, नीतू टंडन को पकड़ा। उनके कब्जे से 46.100 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल और सुजुकी एक्सेस (CG-04-PM-6217) बरामद की गई।


पूछताछ में खुलासा हुआ कि गांजा ओडिशा के कालाहांडी से लाया गया था। इसके बाद पुलिस ने तत्काल बैकवर्ड लिंक पर कार्रवाई करते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन के पास से बनमाली तांडी और अनु तांडी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक यही दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में सप्लाई करते थे।
बरामद गांजा, वाहन और मोबाइल सहित जब्त संपत्ति की कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है।
पुराने तस्करों की फिर गिरफ्तारी
जांच में सामने आया कि कमलेश सोनवानी के खिलाफ पहले से रायपुर और महासमुंद में एनडीपीएस एक्ट के चार मामले दर्ज हैं, जबकि राजा टंडन भी ओडिशा में एनडीपीएस मामले में जेल जा चुका है।
ऑपरेशन-2: बस स्टैंड के पास 10.226 किलो गांजा, हरियाणा-यूपी कनेक्शन उजागर
इसी दौरान टिकरापारा पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास कार्रवाई करते हुए कपिल कटारिया (हरियाणा), महेश दुबे (प्रयागराज) और नीरज शर्मा (अलीगढ़) को गिरफ्तार किया।
तीनों के बैग से 10.226 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल बरामद हुए। जब्त सामग्री की कीमत करीब 5.12 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अब इन आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
बिलासपुर में पंजाब कनेक्शन… डोडा- पोस्ता के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
उधर बिलासपुर के तोरवा थाना पुलिस ने महमंद बायपास रोड पर कार्रवाई करते हुए मनमोहन सिंह कल्ले उर्फ मोना, सुरजीत सिंह, पुष्पराज जांगड़े और सुरेंद्र ध्रुव को गिरफ्तार किया।
चारों के पास से 3.264 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा/पोस्ता बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पंजाब, मुंगेली और बिलासपुर के रहने वाले हैं तथा प्रतिबंधित मादक पदार्थ की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। किसी भी आरोपी के पास वैध दस्तावेज नहीं मिले, जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।


एक दिन… तीन बड़े ऑपरेशन… 12 तस्कर गिरफ्तार
कुल गिरफ्तार आरोपी: 12
महिला आरोपी: 2
गांजा बरामद: 56.326 किलोग्राम
डोडा/पोस्ता बरामद: 3.264 किलोग्राम
कुल जब्ती: लगभग 29 लाख रुपये से अधिक
राज्य कनेक्शन: छत्तीसगढ़, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश
नशे की सप्लाई लाइन पर सीधा वार
रायपुर पुलिस ने इस कार्रवाई में सिर्फ तस्करों को गिरफ्तार नहीं किया, बल्कि स्रोत (Source), सप्लायर (Supplier) और खरीदार (Receiver) तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को तोड़ने की रणनीति अपनाई। वहीं बिलासपुर पुलिस ने भी बाहरी राज्यों से जुड़े तस्करों पर कार्रवाई कर संकेत दिया है कि अब नशे की तस्करी करने वालों के लिए छत्तीसगढ़ आसान ठिकाना नहीं रहेगा।
इन तीनों कार्रवाइयों ने यह साफ कर दिया कि प्रदेश में सक्रिय अंतर्राज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट पुलिस के रडार पर हैं और उनकी सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए लगातार एंड-टू-एंड ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।