बिलासपुर। जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली तीन अलग-अलग घटनाओं में बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रतनपुर में ढाबा संचालक से चाकू की नोक पर लूट और मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई पूरी रकम बरामद की गई, जबकि कोनी और तखतपुर थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर तलवार और फरसा लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो अन्य आरोपियों को भी आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

केस-1 : आधी रात ढाबे में घुसे बदमाश, शराब नहीं मिली तो चाकू दिखाकर की मारपीट, गल्ले से 4500 रुपये लूटे
रतनपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित गहलोत ढाबा में देर रात करीब एक बजे तीन युवक पहुंचे। ढाबा संचालक आशीष गहलोत (36) के अनुसार आरोपी शराब की मांग कर रहे थे। मना करने पर विवाद शुरू हो गया और आरोपियों ने चाकू निकालकर धमकाना शुरू कर दिया।
इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे ढाबा कर्मचारी विजेन्द्र कमल के साथ भी हाथ-मुक्कों, स्टील पाइप और डंडे से मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी ढाबे के गल्ले से 4500 रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को उनके ठिकानों से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई पूरी 4500 रुपये की नकदी, घटना में प्रयुक्त चाकू और लाठी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी
विकास उर्फ विक्कू रावत (25)
शनि उर्फ राजा कश्यप (22)
ब्यासनारायण पाटले उर्फ छोटू (27)
तीनों आरोपी करैहापारा, रतनपुर के निवासी हैं। पुलिस ने अपराध क्रमांक 484/2026 में बीएनएस की धारा 309, 296, 351(3), 115(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया।

केस-2 : तुरकाडीह चौक में तलवार लहराकर लोगों को धमका रहा था युवक, कोनी पुलिस ने मौके से दबोचा

कोनी थाना क्षेत्र के तुरकाडीह चौक में एक युवक द्वारा खुलेआम तलवार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना पुलिस को मिली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विवेक कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने देखा कि आरोपी हाथ में तलवार लेकर आसपास आने-जाने वाले लोगों में भय का माहौल बना रहा था। मौके से आरोपी को हिरासत में लेकर थाना लाया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी दयाशंकर लोनिया (32) निवासी लोनियापारा, ग्राम घुटकू, थाना कोनी के कब्जे से तलवार जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
केस-3 : मेन रोड पर फरसा लहराकर फैला रहा था खौफ, तखतपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवापारा जरौधा में शनिवार देर रात एक युवक द्वारा मेन रोड पर धारदार फरसा लहराकर लोगों को धमकाने की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवनीश पासवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उससे फरसा रखने का वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार फरसा जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपी
सतकुमार खाण्डे (25), निवासी ग्राम नवापारा जरौधा, थाना तखतपुर।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
क्राइम फाइल
रतनपुर: ढाबा संचालक से चाकू की नोक पर लूट, 3 आरोपी गिरफ्तार, ₹4500 नगद और हथियार बरामद।
कोनी: तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार।
तखतपुर: मेन रोड पर फरसा लहराकर लोगों को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार।
एक ही दिन में तीन अलग-अलग मामलों में कुल 5 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।



