


बिलासपुर। शहीद पुलिस अधिकारी विनोद चौबे के शहादत दिवस पर रविवार को बिलासपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान प्रतिमा को साफ कर पुष्पांजलि दी गई और उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शैलेश पांडेय और पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-1 के अध्यक्ष जावेद मेमन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने शहीद विनोद चौबे की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शहीद विनोद चौबे ने नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस, नेतृत्व और कर्तव्य के प्रति समर्पण आज भी युवाओं और पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शहीद विनोद चौबे ने नक्सलियों का डटकर मुकाबला करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए और बिलासपुर का नाम अमर कर दिया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर की धरती पर पले-बढ़े विनोद चौबे वीरगति प्राप्त कर युवाओं के प्रेरणास्रोत बन गए हैं और उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेसजनों ने कहा कि शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक शैलेश पांडेय, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जावेद मेमन, रामाशंकर बघेल, युवा कांग्रेस के अयाज खान, वकार खान, भोला ईरानी, रवि गेडाम, राहुल रजक, शन्नी यादव, कुशल वाहने, कैफ मेमन, नदीम खान सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने शहीद विनोद चौबे की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।



