Latest news

बिलासपुर में 19 से 26 जुलाई तक सजेगा राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव, 5 लाख के पुरस्कार; देशभर के कलाकार दिखाएंगे हुनर

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read


बिलासपुर। शहर में 19 से 26 जुलाई तक राष्ट्रीय स्तर का मेगा सांस्कृतिक महोत्सव “हमार छत्तीसगढ़ – द कल्चर ऑफ आर्ट” आयोजित किया जाएगा। संस्कृति फाउंडेशन के बैनर तले होने वाले इस आठ दिवसीय आयोजन में देशभर के कलाकार डांस, सिंगिंग, मॉडलिंग, मेहंदी, रंगोली, फैंसी ड्रेस समेत कई विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विजेताओं को विभिन्न श्रेणियों में कुल करीब 5 लाख रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे।


शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं कोरियोग्राफर रूपेश समुंद्रे और सचिव प्रियंका तिवारी ने बताया कि संस्था का यह पहला राष्ट्रीय स्तर का आयोजन है। इससे पहले वर्ष 2018 से “डी फॉर डांस” के नाम से सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती रही हैं। संस्था के पंजीयन के बाद अब आयोजन का दायरा बढ़ाकर इसे राष्ट्रीय स्वरूप दिया गया है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागियों का पंजीयन जारी है। अब तक 200 से 300 प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जबकि आयोजन में 4 से 5 हजार प्रतिभागियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन टीवी इंडस्ट्री से जुड़े सेलिब्रिटी कलाकार निर्णायक के रूप में करेंगे।
संस्था ने बताया कि बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए रहने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। प्रतिभागियों से केवल नाममात्र का पंजीयन शुल्क लिया जाएगा, जबकि आवास और भोजन का पूरा खर्च संस्था वहन करेगी।


आयोजकों का कहना है कि महोत्सव का उद्देश्य छत्तीसगढ़ सहित देशभर के उभरते कलाकारों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। दिव्यांग बच्चों के लिए भी विशेष मंच तैयार किया गया है और उनके लिए प्रवेश शुल्क पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
प्रेसवार्ता में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर साक्षी तिवारी और सोशल मीडिया हैंडल शिवांश भगत भी मौजूद रहे।


फैक्ट
आयोजन: 19 से 26 जुलाई
स्थान: बिलासपुर
आयोजक: संस्कृति फाउंडेशन
प्रतियोगिताएं: डांस, सिंगिंग, मॉडलिंग, मेहंदी, रंगोली, फैंसी ड्रेस सहित अन्य
इनामी राशि: करीब 5 लाख रुपए
लक्ष्य: 4 से 5 हजार प्रतिभागियों की सहभागिता
विशेष सुविधा: बाहरी प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क भोजन और आवास, दिव्यांग प्रतिभागियों के लिए नि:शुल्क प्रवेश।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।