




बिलासपुर। जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में मंगलवार को राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर शिकायतें सामने आईं। भूमि रिकॉर्ड अद्यतन, नक्शा कटाई और नामांतरण जैसे मामलों में पटवारी एवं राजस्व निरीक्षक (आरआई) पर रिश्वत मांगने, काम लटकाने और आदेशों की अनदेखी करने के आरोप लगाते हुए पीड़ितों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। जनदर्शन में पहुंचे आवेदकों ने आरोप लगाया कि नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद उनके मामलों का निराकरण नहीं किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जिले के विभिन्न क्षेत्रों से शिक्षा, बिजली, आवास, सड़क, सीमांकन, पेंशन और रोजगार से जुड़ी शिकायतें भी प्रशासन के समक्ष रखी गईं।
जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी एवं जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने निजी एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

भूमि का नक्शा काटने के बदले पैसे मांगने का आरोप
तहसील पचपेड़ी के ग्राम गोड़ाडीह निवासी लल्ला रायजादा ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी निजी भूमि खसरा क्रमांक 407 रकबा 0.93 डिसमिल का विभाजन हो चुका है। विभाजन के बाद खसरा क्रमांक 407/1 रकबा 0.63 डिसमिल लकेश्वर के नाम तथा खसरा क्रमांक 407/2 रकबा 0.30 डिसमिल उनके नाम दर्ज किया गया है। खाता विभाजन 4 जून 2026 को संपन्न हो चुका है।
https://www.instagram.com/reel/DZ9yHv5z2dJ/?igsh=MTV0ZG01Y2U3Mno1Yg==
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने अपनी भूमि का नक्शा अद्यतन कराने एवं कटाई के लिए नियमानुसार आवेदन किया था। पटवारी और कोटवार द्वारा मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई भी कर ली गई, लेकिन इसके बाद हल्का पटवारी और आरआई द्वारा कथित रूप से पैसे की मांग की गई। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि उन्हें कहा गया कि “ऊपर साहब को भी देना पड़ता है।”
लल्ला रायजादा ने कहा कि पैसे देने में असमर्थ रहने के कारण पिछले 18 दिनों से उनकी भूमि का नक्शा जानबूझकर नहीं काटा जा रहा है। कई बार निवेदन करने के बावजूद मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए तत्काल नक्शा कटाई कराने की मांग की।
निरस्त नामांतरण को भुइयां पोर्टल में दर्ज करने का आरोप
जनदर्शन में राजस्व विभाग से जुड़ी एक और गंभीर शिकायत तहसील पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम चिल्हाटी निवासी आशीष साहू ने प्रस्तुत की। उन्होंने आरोप लगाया कि खसरा क्रमांक 39/6 रकबा 83 डिसमिल भूमि के नामांतरण संबंधी प्रकरण को तहसीलदार द्वारा 3 अक्टूबर 2025 को निरस्त कर दिया गया था। आदेश में अभिलेख अद्यतन की आवश्यकता नहीं होने का उल्लेख किया गया था।
इसके बावजूद शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हल्का पटवारी राहुल साहू ने दूसरे पक्ष से मिलीभगत कर तथा कथित रूप से रिश्वत लेने के बाद निरस्त नामांतरण आदेश की अवहेलना करते हुए भुइयां पोर्टल में अवैध तरीके से नामांतरण दर्ज कर दिया। आवेदन में कहा गया कि यह कार्रवाई राजस्व न्यायालय के आदेश के विपरीत है।
आशीष साहू ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पटवारी के विरुद्ध विभागीय और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कथित रूप से दर्ज किए गए नामांतरण को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने तथा पूरे मामले में रिश्वतखोरी के आरोपों की जांच कराने का अनुरोध किया है।
शिक्षकों की कमी से जूझ रहे स्कूल के लिए सरपंच ने सौंपा ज्ञापन
तखतपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत चितावर के सरपंच ने मिडिल स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस संबंध में पूर्व में जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
सामुदायिक भवन की भूमि पर कब्जे की शिकायत
मस्तुरी ब्लॉक के ग्राम जेवरा के ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए चिन्हित शासकीय भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कथित कब्जा किए जाने की शिकायत की। ग्रामीणों ने प्रशासन से उक्त भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर सामुदायिक भवन निर्माण की मांग की।
ट्रांसफार्मर की क्षमता कम, ग्रामीणों ने मांगा नया ट्रांसफार्मर
ग्राम मेण्ड्रा के वार्ड क्रमांक 3, 4 और 5 के निवासियों ने लंबे समय से खराब विद्युत व्यवस्था का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि पुराने ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक भार होने के कारण बार-बार बिजली बाधित होती है। उन्होंने नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग रखी।
निस्तारी रास्ते पर मकान निर्माण का आरोप
बेलगहना तहसील के ग्राम करवां निवासी रामजी ने शिकायत की कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सुमन गिलहरे द्वारा मकान निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य निस्तारी रास्ते पर होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
स्वरोजगार के लिए ऋण दिलाने की मांग
बोदरी के नगपुरा निवासी दुवासा बाई ने परिवार की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए शासन की योजना के तहत किराना दुकान खोलने के लिए ऋण उपलब्ध कराने का आवेदन दिया। उन्होंने उद्योग विभाग के माध्यम से लोन स्वीकृत कराने की मांग की ताकि स्वरोजगार शुरू कर सकें।
एक साल से लंबित सीमांकन का मामला पहुंचा जनदर्शन
तखतपुर ब्लॉक के ग्राम बराही निवासी दीपचंद कश्यप ने बताया कि उनका सीमांकन प्रकरण पिछले एक वर्ष से लंबित है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सीमांकन कराने की मांग की।
दो साल बाद भी नहीं मिला कृषि बिजली कनेक्शन
विकासखंड के ग्राम छतौना निवासी किसान धनवार साहू ने खेत की सिंचाई के लिए कृषि बिजली कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि 6 मार्च 2024 को आवेदन करने के बावजूद लगभग दो वर्ष बीत जाने के बाद भी बिजली कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया है। कनेक्शन के अभाव में सिंचाई प्रभावित होने से फसल उत्पादन और आय पर असर पड़ रहा है।
वृद्ध ने लगाई निराश्रित पेंशन दिलाने की गुहार
बिलासपुर क्षेत्र की पुरानी बस्ती सिरगिट्टी निवासी वृद्ध काशी ने जनवरी 2026 से बंद निराश्रित पेंशन दोबारा शुरू कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि पेंशन राशि नहीं मिलने से जीवन-यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जनदर्शन में आवास, वृद्धावस्था पेंशन, राजस्व, बिजली, शिक्षा, सीमांकन और रोजगार से संबंधित अनेक शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर निगम आयुक्त ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।



