
बिलासपुर। सिरगिट्टी स्थित सेंट जेवियर स्कूल में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित शारीरिक शोषण के मामले को लेकर सेन समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले के विरोध में श्रीवास धर्मशाला में सर्वसेन समाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए आंदोलन का ऐलान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 जून को नेहरू चौक से रैली निकालकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से आरोपी शिक्षक को फांसी की सजा देने, मामले की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने वाले शिक्षकों, प्राचार्य एवं स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
सर्वसेन समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने कहा कि “बेटी किसी भी समाज की हो, वह पूरे समाज की बेटी होती है। शिक्षा के मंदिर में शिक्षक द्वारा इस प्रकार का जघन्य अपराध किया जाना बेहद शर्मनाक और अक्षम्य है। इससे न केवल छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता भी प्रभावित होती है।”
उन्होंने कहा कि यदि स्कूल प्रबंधन और अन्य जिम्मेदार लोगों को घटना की जानकारी थी और फिर भी उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की, तो उनकी भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। समाज ने मांग की है कि मामले में शामिल सभी दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
बैठक में संभागीय अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास, प्रदेश महासचिव राजू श्रीवास, बलदाऊ श्रीवास, राजकुमार श्रीवास, व्यावसायिक संघ के संभागीय अध्यक्ष बबलू श्रीवास, संभागीय सचिव चंद्रमणि श्रीवास, लक्ष्मी श्रीवास, रवि श्रीवास, नरेंद्र श्रीवास, मणिशंकर श्रीवास, रमेश श्रीवास, शुभम श्रीवास, बनाऊ राम श्रीवास, आशीष श्रीवास्तव, सोनू श्रीवास, प्रभात श्रीवास, प्रदीप श्रीवास, मोहन श्रीवास, पार्षद मनोहर श्रीवास, ईश्वर श्रीवास, आनंद श्रीवास, संतोष श्रीवास सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
23 जून को होगा प्रदर्शन
सेन समाज ने स्पष्ट किया है कि पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर 23 जून को शहर में रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। समाज ने इस मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है।



