शहर से गांव तक अपराध का तांडव, चार थाना क्षेत्रों में एक के बाद एक सनसनीखेज वारदातों से मचा हड़कंप
बिलासपुर। जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। कहीं बातचीत बंद करने से नाराज युवक महिला पर चाकू से हमला कर रहा है, तो कहीं कबाड़ी गोदाम में युवक और उसके साले को बंधक बनाकर लाखों रुपये की वसूली का आरोप सामने आया है। दूसरी ओर रास्ता पूछने के बहाने बाइक सवार बदमाश युवक पर टूट पड़े और मोबाइल लूटकर फरार हो गए, जबकि कानून की पढ़ाई कर रहे एलएलबी छात्र की गर्दन पर ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया गया। मस्तूरी, सिरगिट्टी, सरकंडा और सिटी कोतवाली थाना क्षेत्रों में दर्ज हुई इन चार अलग-अलग घटनाओं ने जिले में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बात नहीं की तो चाकू से हमला, गुपचुप ठेले में महिला को बनाया निशाना

मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम टिकारी में एक महिला पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता किरण निर्मलकर ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम टिकारी बस स्टैंड के पास गुपचुप ठेला लगाकर जीविकोपार्जन करती हैं। उनकी पहचान पहले से बिलासपुर निवासी संदीप खरे से थी, लेकिन वह उससे बातचीत बंद कर चुकी थीं।
आरोप है कि 15 जून की शाम करीब 7:30 बजे संदीप खरे महिला के ठेले पर पहुंचा और बातचीत बंद करने की बात को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोपी ने कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे चाकू से हमला कर दिया।
हमले में महिला के दोनों हाथ, पेट के पास, गले और गर्दन के पीछे गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ महिला की चीख सुनकर उसकी मां और भाई मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी में भर्ती कराया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कबाड़ी गोदाम में बंधक बनाकर पिटाई, फिर घर से वसूले 2.70 लाख रुपए

सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों पर युवक और उसके साले को बंधक बनाकर मारपीट करने तथा लाखों रुपये की वसूली का गंभीर आरोप लगा है।
गणेश नगर चुचुहियापारा निवासी सैय्यद प्रिंस बक्शी ने शिकायत दर्ज कराई है कि 11 जून को उसे तिफरा स्थित एक कबाड़ी गोदाम में बुलाया गया था। वहां पहुंचने पर फिरोज कबाड़ी, रोहित कबाड़ी, राहुल कबाड़ी, रितिक कबाड़ी, सफीर और अन्य लोग मौजूद थे।
शिकायत के अनुसार कबाड़ खरीदने को लेकर विवाद हुआ और इसके बाद आरोपियों ने एक राय होकर रॉड, पाइप, हाथ-मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई की। इतना ही नहीं, प्रार्थी और उसके साले मोहम्मद अमन को कमरे में बंद कर बंधक बनाकर रखा गया।
आरोप है कि इसी दौरान कुछ आरोपी सिलपहरी स्थित उसकी दुकान पहुंचे और वहां खड़ा छोटा हाथी वाहन जबरन अपने कब्जे में ले लिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी उसके घर पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताकर परिवार को धमकाया। पत्नी से कहा गया कि यदि चार लाख रुपये नहीं दिए गए तो उसके पति को गांजा मामले में फंसा दिया जाएगा।
डर के माहौल में परिवार ने घर में रखे 2 लाख 70 हजार रुपये आरोपियों को सौंप दिए। रकम मिलने के बाद शाम करीब पांच बजे दोनों को छोड़ा गया। शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रास्ता पूछने के बहाने रोका, फिर बेल्ट-डंडे से हमला कर मोबाइल लूट ले गए बदमाश
सरकंडा थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक के साथ मारपीट और लूट की वारदात सामने आई है।
राजकिशोर नगर निवासी अजाम्बर मेहर ने पुलिस को बताया कि वह पीएम सूर्य घर योजना से जुड़े कार्य कराते हैं। 15 जून की रात वह अपने साथी से मिलने कार से खमतराई जा रहे थे। नगोई चौक के पास सड़क किनारे रुकने के दौरान रात करीब 11:30 बजे दो मोटरसाइकिलों में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और रतनपुर का रास्ता पूछने लगे।
पीड़ित के अनुसार रास्ता बताने के बाद अचानक बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते हमला कर दिया गया। आरोपियों ने बेल्ट, डंडे, किसी नुकीली वस्तु और हाथ-मुक्कों से युवक की पिटाई की। हमले में उसके सीने, पीठ, गर्दन और हाथ में चोटें आईं।
मारपीट के दौरान आरोपी उसके पास मौजूद एक सैमसंग मोबाइल और एक आईफोन लेकर फरार हो गए। घायल युवक की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एलएलबी छात्र की गर्दन पर ब्लेड से हमला, परीक्षा देकर लौट रहा था छात्र
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में कानून की पढ़ाई कर रहे एक एलएलबी छात्र पर ब्लेड से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार साहिल बर्मन नामक छात्र सोमवार को कोसलेन्द्र राव लॉ कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद लौटते समय उसकी मुलाकात जवाली पुल के पास रहने वाले समीर नामक युवक से हुई।
बताया गया है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई। आरोप है कि समीर ने साहिल को जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल छात्र ने अपने साथियों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसे तत्काल सिम्स अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल छात्र का बयान दर्ज किया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं छात्र का इलाज जारी है और पुलिस हमले के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।
चार इलाके, चार वारदातें और एक ही तस्वीर
मस्तूरी में चाकूबाजी, सिरगिट्टी में कथित बंधक बनाकर वसूली, सरकंडा में मारपीट और लूट तथा सिटी कोतवाली क्षेत्र में ब्लेड से हमला—एक ही सप्ताह में सामने आई इन घटनाओं ने जिले में अपराध की बढ़ती घटनाओं को फिर सुर्खियों में ला दिया है। सभी मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश और विवेचना शुरू कर दी है।



