Latest news

बिलासपुर में बढ़ी बिजली दरों के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, बिजली दफ्तर का घेराव कर फूंका सरकार का पुतला

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में बुधवार को बिलासपुर जिला शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली कंपनी के कार्यालय का घेराव किया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने किया।


कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लगातार बिजली दरों में वृद्धि कर आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले दो-तीन वर्षों से बिजली दरों में लगातार वृद्धि की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस का कहना है कि महंगाई के इस दौर में बिजली दरों में बढ़ोतरी ने घरेलू बजट को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।


कांग्रेस नेताओं ने बताया कि हाल ही में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 50 पैसे प्रति यूनिट तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की गई है। इससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर बिजली दरों में वृद्धि कर सरकार जनता पर दोहरी मार डाल रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन करने वाला राज्य है, इसके बावजूद यहां के लोगों को महंगी बिजली खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस नहीं लेती है तो आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि बढ़ाई गई बिजली दरों पर तत्काल अंकुश लगाया जाए तथा प्रदेश की जनता को राहत देते हुए सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक बिलासपुर शैलेश पांडे, सियाराम कौशिक, शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष विजय पांडे, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष विजय केसरवानी, कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास, तिफरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, समीर अहमद, शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।