बिलासपुर। नगर पालिक निगम बिलासपुर के उपचुनाव में वार्ड क्रमांक 29 से निर्वाचित पार्षद शेख मोहम्मद आजम ने सोमवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।



समारोह में कांग्रेस नेता विजय पांडेय ने भी भाग लिया और नवनिर्वाचित पार्षद शेख मोहम्मद आजम को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने कहा कि वार्ड की जनता ने जिस विश्वास के साथ अपना प्रतिनिधि चुना है, उस भरोसे पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान वार्ड के सम्माननीय नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और नवनिर्वाचित पार्षद का स्वागत किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा हुई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे जनता की जीत बताते हुए कहा कि वार्ड क्रमांक 29 में विकास और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जाएगा। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



