Latest news

भुमिहार समाज की नई कार्यकारिणी घोषित: डॉ. के.एन. चौधरी बने अध्यक्ष, राजीव कुमार को फिर मिली सचिव की जिम्मेदारी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। स्वामी सहजानंद सरस्वती भुमिहार ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण आमसभा रविवार को ग्राम महमंद स्थित भुमिहार भवन में संपन्न हुई। सौहार्दपूर्ण और गरिमामय माहौल में आयोजित बैठक में समाज की संगठनात्मक मजबूती, आगामी वर्ष की कार्ययोजना तथा नई कार्यकारिणी के गठन पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से डॉ. के.एन. चौधरी को समाज का नया अध्यक्ष, राजीव कुमार को सचिव तथा प्रशांत सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया।
बैठक में वर्तमान सचिव राजीव कुमार ने एजेंडा प्रस्तुत करते हुए कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त होने की जानकारी दी और नई कार्यकारिणी के गठन का प्रस्ताव रखा। इसके बाद वरिष्ठ सदस्यों आर.पी. सिंह, एन.एन. शर्मा, एन.के. राय, पारसनाथ राय, पी.पी. राय एवं अमिय कुमार राय की उपस्थिति में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया। कार्यकारिणी ने चयन पर सहमति जताते हुए उन्हें निर्वाचित घोषित किया।
समाज के वरिष्ठ सदस्य एवं सिम्स के सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ. के.एन. चौधरी को अध्यक्ष चुना गया। राजीव कुमार को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि प्रशांत सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया। नव निर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ स्वागत किया।
बैठक में समाज के संरक्षक आर.पी. सिंह को भुमिहार भवन समिति का आजीवन अध्यक्ष भी मनोनीत किया गया। आमसभा ने अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष को जल्द नई कार्यकारिणी गठित करने के लिए अधिकृत किया, जिसमें उपाध्यक्ष, सहसचिव, कार्यकारिणी सदस्य तथा भवन समिति के सदस्य शामिल होंगे।
आगामी वर्ष के लिए तय हुए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम
आमसभा में वर्ष 2026-27 के लिए सामाजिक एवं जनहित के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। इसमें वृक्षारोपण अभियान, स्वास्थ्य शिविर, जनजागरूकता कार्यक्रम, पारिवारिक मिलन समारोह, समाज की वार्षिक पत्रिका का प्रकाशन, स्वामी सहजानंद सरस्वती जयंती, भगवान परशुराम जयंती तथा बिलासपुर में आयोजित धार्मिक-सामाजिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में जुलाई माह में वृहद वृक्षारोपण अभियान और अगस्त माह में बड़े स्वास्थ्य शिविर के आयोजन का निर्णय लिया गया। साथ ही ग्राम महमंद के प्राथमिक विद्यालय के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने और उन्हें शैक्षणिक सामग्री वितरित करने की योजना भी बनाई गई। समाज की ओर से वैवाहिक पत्रिका प्रकाशित करने का भी निर्णय लिया गया।
पूर्व पदाधिकारियों के कार्यकाल की सराहना
बैठक की अध्यक्षता संरक्षक आर.पी. सिंह ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष अभयनारायण राय ने किया। आभार प्रदर्शन प्रशांत सिंह ने किया। सचिव राजीव कुमार ने पिछली कार्यकारिणी के कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
आमसभा में सर्वसम्मति से निवर्तमान अध्यक्ष नवीन सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश दीक्षित तथा उनकी पूरी कार्यकारिणी के कार्यकाल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि नवीन सिंह के नेतृत्व में समाज ने कई उल्लेखनीय कार्य किए और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा मिली।
बैठक में पी.पी. राय, डॉ. के.एन. चौधरी, आर.पी. सिंह, अमिय कुमार राय, एन.के. राय, मुरारी कुमार, आशुतोष प्रियदर्शनी, प्रेमनाथ, कमलेश, प्रशांत सिंह, राजीव कुमार सिंह, अभयनारायण राय, कुंदन सिंह, एन.एन. शर्मा, उमेश प्रसाद शर्मा, रंजन शर्मा, पारसनाथ राय, मिथलेश पाण्डेय, मुकेश कुमार सिंह, एस.के. शर्मा, धनंजय कुमार, चंदन कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।