व्यापार विहार में किराना व्यापारी से दिनदहाड़े ठगी, CCTV और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा अब भी फरार
बिलासपुर। व्यापार विहार जैसे व्यस्त कारोबारी इलाके में एक अनोखे ठगी कांड का खुलासा हुआ है। खुद को अयोध्या का पंडित बताने वाले दो शातिर ठगों ने एक किराना व्यापारी को अमीर बनाने का लालच देकर ढाई लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तारबाहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है।
गल्ला खरीदने पहुंचे व्यापारी को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार प्रार्थी जनकराम साहू (57 वर्ष) निवासी ग्राम रोगदा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा 12 जून 2026 को व्यापार विहार बिलासपुर में गल्ला एवं किराना सामान खरीदने पहुंचे थे। उनके पास एक थैले में बड़ी रकम थी।
इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनसे मिले। दोनों ने स्वयं को अयोध्या का पंडित बताते हुए कथित रूप से आध्यात्मिक प्रभाव और अमीर बनने का लालच दिया। बातचीत के दौरान दोनों ने व्यापारी को अपने झांसे में लिया और मौका पाकर ढाई लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
रिपोर्ट दर्ज होते ही हरकत में आई पुलिस
घटना की शिकायत मिलने के बाद थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जानकारी पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह को दी गई। उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में जांच आगे बढ़ाई गई।
CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
तारबाहर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत और उनकी टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
जांच के दौरान आरोपियों की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने दुर्ग में घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दुर्ग का रहने वाला निकला आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हैदर अली अंसारी (60 वर्ष) पिता स्वर्गीय इमदाद अली, निवासी केला बाड़ी, थाना पदमनाभपुर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और ठगी के कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस मामले का दूसरा आरोपी वासिम खान पिता वकार अहमद खान, निवासी केला बाड़ी, जिला दुर्ग अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और पुलिस उसकी पतासाजी में जुटी हुई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत, सहायक उपनिरीक्षक संजय शर्मा, आरक्षक नुरूल कादिर तथा आरक्षक राजेश श्रीवास का सराहनीय योगदान रहा।
मामले की प्रमुख बातें
व्यापार विहार में किराना व्यापारी से 2.5 लाख रुपए की ठगी।
आरोपियों ने खुद को अयोध्या का पंडित बताकर विश्वास जीता।
अमीर बनाने का झांसा देकर रकम से भरा बैग लेकर फरार हुए।
तारबाहर पुलिस ने CCTV और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की।
मुख्य आरोपी हैदर अली अंसारी दुर्ग से गिरफ्तार।
आरोपी के खिलाफ पहले से ठगी और चोरी के कई मामले दर्ज।
दूसरा आरोपी वासिम खान अभी फरार।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।



