भाजपा जिला ग्रामीण के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा समदरिया ने कांग्रेस पर जनता की समस्याओं के बजाय राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है।
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा के ग्राम नगोई में आयोजित सुशासन तिहार शिविर के दौरान कांग्रेस द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर अब भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा जिला ग्रामीण के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा समदरिया ने कांग्रेस पर जनता की समस्याओं के बजाय राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लगाए जा रहे सुशासन शिविरों का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, लेकिन कांग्रेस इन्हें राजनीतिक मंच बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को जनता की वास्तविक समस्याओं से सरोकार नहीं है और वे केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए हंगामा कर रहे हैं।
खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शर्मा ने कहा कि किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से पूर्व की तरह खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने माना कि कहीं-कहीं कुछ व्यवधान हैं, लेकिन उन्हें समय रहते दूर कर लिया जाएगा।
पेयजल और नल-जल योजना के मुद्दे पर भाजपा ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया। शर्मा ने कहा कि जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन में हुई कथित अनियमितताओं का असर आज भी दिखाई दे रहा है, जिसके कारण कई क्षेत्रों में समस्याएं उत्पन्न हुई हैं।
बैमा क्षेत्र में निर्माणाधीन केंद्रीय जेल को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि जेल का स्थल चयन और निविदा प्रक्रिया कांग्रेस शासनकाल में पूरी हुई थी। वर्तमान में उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप निर्माण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्थानीय लोगों की आवाजाही और सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाएगा तथा नियमानुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
अवैध प्लाटिंग और अवैध खनन के मामलों पर भी भाजपा ने कांग्रेस को निशाने पर लिया। शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उनके अनुसार, इन कार्रवाइयों से प्रभावित लोग ही विरोध का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में भय और भ्रम का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है, जबकि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए सुशासन की दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि जनता सरकार की योजनाओं और प्रशासनिक प्रयासों से लाभान्वित हो रही है तथा विपक्ष के आरोप तथ्यों से परे हैं।

