संगठन विस्तार, जनसंपर्क और जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का लिया संकल्प
बिलासपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का 27वां स्थापना दिवस बुधवार को जिलेभर में उत्साह, गरिमा और संगठनात्मक एकजुटता के साथ मनाया गया। बहतराई स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनता के हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के वरिष्ठ नेताओं एवं दिवंगत कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित करते हुए संगठन निर्माण और जनसेवा में उनके योगदान को स्मरण किया।
स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, विकास और अधिकारों की आवाज पहुंचाना है। पार्टी ने हमेशा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी है और आगे भी आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।
वक्ताओं ने कहा कि संगठन की ताकत उसके कार्यकर्ताओं और जनता के विश्वास में निहित है। इसी विश्वास के आधार पर पार्टी गांव, शहर और वार्ड स्तर तक अपनी पहुंच मजबूत करते हुए लोगों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी रणनीतियों और जनसंपर्क अभियानों पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे जमीनी स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करें तथा जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को प्राथमिकता दें।
यह आयोजन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा के मार्गदर्शन तथा प्रदेश अध्यक्ष निलेश विश्वास के निर्देशानुसार संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश यूथ अध्यक्ष रावस्कर गोरख, हिमांशु राज, प्रदेश प्रवक्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न ब्लॉक एवं निकाय क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन को मजबूत बनाने तथा राष्ट्रहित और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
समारोह के अंत में केक काटकर पार्टी का 27वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

