परसदा स्थित निवास पहुंचकर सदस्यों ने किया अभिनंदन, कहा- पूरे बिल्हा विकासखंड के खिलाड़ियों और युवाओं को मिलेगा लाभ
बिलासपुर। सिरगिट्टी में प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए राज्य सरकार से 13 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर सेकंड इनिंग कमेटी सिरगिट्टी ने बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के प्रति आभार जताया है। बुधवार को कमेटी के सभी प्रमुख सदस्य विधायक कौशिक के परसदा स्थित निवास पहुंचे और क्षेत्र को खेल अधोसंरचना की सौगात दिलाने में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया।
कमेटी के सदस्यों ने कहा कि सिरगिट्टी में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वर्षों से खेल मैदान की मांग की जा रही थी। अब 13 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से इस मांग के पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। सदस्यों ने इस पहल के लिए विधायक धरमलाल कौशिक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सौगात केवल सिरगिट्टी ही नहीं, बल्कि पूरे बिल्हा विकासखंड के लिए लाभकारी साबित होगी।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच
सेकंड इनिंग कमेटी के सदस्यों के मुताबिक, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। लंबे समय से खेल सुविधाओं की जरूरत महसूस कर रहे क्षेत्र के लिए यह पहल महत्वपूर्ण है।
विधायक से मुलाकात कर जताया आभार
विधायक धरमलाल कौशिक के परसदा स्थित निवास पर पहुंचकर आभार जताने वालों में सेकंड इनिंग कमेटी के सदस्य बबला श्रीवास, बंटी सोनी, शेखर राव, राजू पटेल, चीकू यादव, सुदीप रजक, श्रवण वर्मा, पिंटू श्रीवास, शीतला प्रसाद त्रिपाठी और केके साहू शामिल रहे। इनके साथ क्षेत्र के लोकप्रिय पार्षद विजय सिंह मरावी और मनोज दुबे भी मौजूद रहे।
कमेटी के सदस्यों ने 13 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति को क्षेत्र के विकास और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम कदम बताते हुए विधायक धरमलाल कौशिक के प्रति आभार व्यक्त किया।
