छत्तीसगढ़ में गोधन योजना और जन मुद्दों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बिलासपुर दौरे पर पहुंचे कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झूठ और जुमलेबाजी करना भाजपा की पुरानी आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने के बजाय सरकार को प्रदेश के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। इसी दौरान कांग्रेस ने विभिन्न जन समस्याओं को लेकर 17 मार्च को विधानसभा घेराव करने का ऐलान भी किया है।
बिलासपुर। प्रदेश की राजनीति में गोधन योजना को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता नजर आ रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बिलासपुर में 19 नई गौधामों का शुभारंभ किया गया था। इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस शासनकाल में संचालित गोधन योजना में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बिलासपुर पहुंचे छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सह प्रभारी विजय जांगिड़ ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार झूठ और जुमलेबाजी के सहारे राजनीति कर रही है, जबकि जनता अब वास्तविक काम और विकास देखना चाहती है।
जांगिड़ ने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को शासन चलाने का अवसर दिया है, इसलिए सरकार को आरोप-प्रत्यारोप में समय बर्बाद करने के बजाय विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरकार को जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा।
इस बीच कांग्रेस ने प्रदेश की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर बड़ा आंदोलन करने की तैयारी भी शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 17 मार्च को विधानसभा घेराव करने का ऐलान किया है। इसी आंदोलन की तैयारी के तहत बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले भर से आए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान विजय जांगिड़ ने कार्यकर्ताओं से आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की और संगठन को सक्रिय रखने पर जोर दिया।
मीडिया से चर्चा में जांगिड़ ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई गंभीर मुद्दे सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार इन सवालों का जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि किसानों से धान खरीदी को लेकर सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति अलग नजर आ रही है।
इसके अलावा प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाएं, एलपीजी गैस की किल्लत और मनरेगा जैसी योजनाओं में किए जा रहे बदलाव से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इन सभी मुद्दों को लेकर पार्टी 17 मार्च को विधानसभा का घेराव करेगी और सरकार से जवाब मांगेगी। इस आंदोलन में प्रदेश भर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी की जा रही है।
बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और जन मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहने का आह्वान भी किया।

