Latest news

रसोई गैस सिलेंडर को श्रद्धांजलि देकर किल्लत पर कांग्रेस का विरोध

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

शहर में एलपीजी गैस की कमी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। बिलासपुर में आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को श्रद्धांजलि दी गई और सरकार पर गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए गए। नेताओं ने एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगने और लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया।


बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। देश के कई हिस्सों में एलपीजी गैस की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर को श्रद्धांजलि दी और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।


प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में एलपीजी गैस की भारी किल्लत है, लेकिन सरकार इस समस्या पर प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, लोगों के फोन कॉल एजेंसियों में नहीं लग पा रहे हैं और आम लोगों को सिलेंडर के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
मिश्रा ने कहा कि जब सरकार यह दावा करती है कि सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, तो फिर लोगों को इतनी परेशानी क्यों उठानी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं और स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है।


वहीं ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र गंगोत्री ने भी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि एलपीजी सिलेंडर नहीं मिलने से कई घरों में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा है। लोग एजेंसियों के लगातार चक्कर लगा रहे हैं और कभी केवाईसी तो कभी आधार अपडेट के नाम पर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य करे और पर्याप्त स्टॉक की व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि यदि गैस संकट का समाधान जल्द नहीं किया गया तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन करेगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।