
बिलासपुर। शहर में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में क्रिकेट के प्रति उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल की स्मृति में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय रात्रिकालीन ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता की ट्रॉफी का विधिवत लॉन्च किया गया। शहर के यश पैलेस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बिलासपुर विधायक Amar Agrawal ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया।
प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण दुबे ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल की स्मृति में यह अखिल भारतीय रात्रिकालीन ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता 21 से 29 तारीख तक आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में देश के 8 राज्यों की टीमें भाग लेंगी। साथ ही न्यायधानी बिलासपुर के खेल प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों, आईपीएल और रणजी ट्रॉफी में खेलने वाले खिलाड़ियों को भी मैदान पर देखने का अवसर मिलेगा।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न राज्यों से टीमों की भागीदारी को लेकर लगातार संपर्क किया जा रहा है और प्रतियोगिता को बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना बनाई गई है।
ट्रॉफी लॉन्च करते हुए विधायक Amar Agrawal ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा देती हैं और समाज में अनुशासन, टीम भावना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को बेहतर मंच देगी, बल्कि शहर में खेल संस्कृति को भी मजबूत करने का काम करेगी।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 5 लाख रुपए और उपविजेता टीम को 3 लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच, बेस्ट फील्डर, बेस्ट कैच समेत कई व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
इस अवसर पर बिलासपुर की महापौर Pooja Vidhani, भाजपा जिलाध्यक्ष Deepak Singh Thakur, डॉ. रजनीश पांडेय, समाजसेवी प्रवीण झा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, शहर के गणमान्य नागरिक, भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान शहरवासियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे और इसे यादगार बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने प्रतियोगिता की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

