Latest news

नशे में थार दौड़ाते चाकू लहराए, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचे तीन युवक

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

एक्सीडेंट कर भाग रहे थे आरोपी, कार से 3 धारदार चाकू जब्त; आर्म्स एक्ट व एमवी एक्ट में केस दर्ज
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में शराब के नशे में थार कार दौड़ाते और हाथों में धारदार चाकू लहराते तीन युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक थार वाहन (CG10 BW 6664) और तीन धारदार लोहे के चाकू जब्त किए गए हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला थाना सकरी, जिला बिलासपुर का है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट एवं 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।


मुखबिर की सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
पुलिस के अनुसार 25 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि थार क्रमांक CG10 BW 6664 में सवार तीन युवक शराब के नशे में तेज गति से वाहन चलाते हुए एक्सीडेंट कर मौके से भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी ने टीम गठित कर कार्रवाई की।
आसमा सिटी फेस-2 रोड पर घेराबंदी
पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर आसमा सिटी फेस-2 मेन्ड्रा जाने वाले मार्ग के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी अपनी थार कार छोड़कर भागने लगे। इस दौरान उनके हाथों में धारदार लोहे के चाकू थे, जिन्हें लहराते हुए वे मौके से फरार होने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 3 नग धारदार चाकू बरामद किए गए। आरोपियों के शराब के नशे में होने की पुष्टि होने पर प्रकरण में धारा 185 एमवी एक्ट भी जोड़ी गई।
गिरफ्तार आरोपी
ईशांत सिंह मंडलोई उर्फ निशांत उर्फ प्रिंस (24 वर्ष)
पिता – बंशी लाल मंडलोई
निवासी – रामा लाइफ, सकरी थाना सकरी, जिला बिलासपुर
शैलेन्द्र उर्फ मोनू सिंह (33 वर्ष)
पिता – प्रताप सिंह
निवासी – कालिका नगर तिफरा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर
राहुल तिवारी (26 वर्ष)
पिता – राजेश तिवारी
निवासी – उस्लापुर, थाना सकरी, जिला बिलासपुर
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट बनने के बाद उन्हें जेल दाखिल किया गया।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में सउनि सुरेंद्र तिवारी, प्रआर रूपेश तिग्गा, आरक्षक पवन बंजारे, रामचंद्र कश्यप, सज्जू अली, आशीष शर्मा, रूपेश कौशिक एवं अनुप नेताम की सराहनीय भूमिका रही।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।