बिलासपुर/मस्तूरी। मस्तूरी थाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि दो दिन पहले पूरे परिवार से मारपीट के बाद अब पीड़ित परिवार के बेटे पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। मामला थाना क्षेत्र के ग्राम गौरा का है, जहां जमीन पर अवैध कब्जे का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया।
दो दिन पूर्व अवैध कब्जे का विरोध करने पर आरोपियों ने पूरे परिवार के साथ मारपीट की थी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। वीडियो में महिलाओं के साथ भी मारपीट होती दिखाई दी थी। पुलिस ने उस मामले में एफआईआर दर्ज की, लेकिन परिजनों का आरोप है कि कार्रवाई केवल खानापूर्ति तक सीमित रही।
रास्ता रोककर बोला- “थाना हमारा कुछ नहीं कर सकता”
परिवार का आरोप है कि गुरुवार को आरोपियों ने पीड़ित परिवार के छोटे बेटे इकबाल खान को रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने कथित तौर पर यह कहते हुए हमला किया कि “थाने में रिपोर्ट लिखते हो, थाना हमारा कुछ नहीं कर सकता।” इसके बाद धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ वार किए गए।
हमले में इकबाल खान को गर्दन, पेट और हाथ सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। हमले का आरोप नांचू नामक आरोपी और उसके अन्य साथियों पर लगाया गया है, जिन्होंने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
महिलाओं से मारपीट का वीडियो पहले ही हो चुका है वायरल
दो दिन पहले हुई घटना में महिलाओं के साथ भी जमकर मारपीट की गई थी। वायरल वीडियो में महिलाओं को धक्का-मुक्की और मारपीट का शिकार होते देखा गया था। इसके बावजूद पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस की ढीली कार्रवाई के कारण आरोपियों के हौसले और बढ़ गए।
अवैध कारोबार से जुड़े होने के भी आरोप
स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार, आरोपी क्षेत्र के रसूखदार और बाहुल्य इलाके से जुड़े हैं। उन पर अटल बाजार क्षेत्र में अवैध रूप से चखना-पानी की दुकान संचालित करने और बैठाकर शराब पिलाने जैसे गैरकानूनी काम कराने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मस्तूरी पुलिस पर उठे सवाल
लगातार दो घटनाओं के बाद मस्तूरी थाना पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि यदि पहली घटना में महिला संबंधी अपराध और मारपीट पर सख्त कार्रवाई की जाती, तो दूसरी घटना की नौबत नहीं आती।
फिलहाल पीड़ित परिवार थाने में शिकायत दर्ज करा रहा है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

