Latest news

कोटा में सघन वाहन चेकिंग: नाबालिग चालक, ओवरलोड पिकअप और ऑटो जब्त

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

4 चालक शराब के नशे में मिले, हंगामा करने वाले 2 पर भी कार्रवाई
कोटा/बिलासपुर। जिले में लगातार बढ़ रहे अपराध और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए थाना कोटा क्षेत्र में सोमवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के नेतृत्व में नाका चौक पर विशेष जांच अभियान चलाते हुए 30 से 35 वाहनों की बारीकी से जांच की गई।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में की गई। अभियान के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) नूपुर उपाध्याय और थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान स्वयं मौजूद रहे।

नशे में 4 चालक, ओवरलोड और नाबालिग पर कार्रवाई
चेकिंग के दौरान 4 वाहन चालक शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए। इन सभी के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा 2 वाहनों पर ओवरलोडिंग पाए जाने पर कार्रवाई की गई। एक अन्य वाहन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
सबसे गंभीर मामला नाबालिग द्वारा वाहन चलाने का सामने आया, जिस पर एम.वी. एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किया गया।
हंगामा करने वालों पर भी शिकंजा
वाहन जांच के दौरान अशांति फैलाने की कोशिश करने वाले 2 व्यक्तियों के खिलाफ 170/126, 135(3) बी.एन.एस.एस. के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चेकिंग के दौरान शांति भंग करने या सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर फोकस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।