Latest news

अशोक नगर चौक पर 1000 मिमी पाइपलाइन की मरम्मत: दो दिन कम दबाव में मिलेगा पानी

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

गर्मी से पहले निगम की कवायद, 23 की रात 11 बजे से बिरकोना प्लांट से सप्लाई बंद
24–25 फरवरी को शहर के सभी उच्च स्तरीय जलागारों से कम मात्रा में जल प्रदाय, जरूरत पर टैंकर व्यवस्था
बिलासपुर। आगामी गर्मी के मौसम में संभावित पेयजल संकट से बचाव और जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा अमृत मिशन के तहत बिछाई गई मुख्य पाइपलाइन में आवश्यक सुधार कार्य कराया जाएगा। यह कार्य अशोक नगर चौक के पास 1000 मिमी व्यास की जल प्रदाय पाइपलाइन में किया जाना है।
निगम प्रशासन के अनुसार, सुधार कार्य 24 फरवरी 2026 से प्रारंभ होगा। इसके लिए बिरकोना स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी की सप्लाई 23 फरवरी 2026 की रात 11 बजे से बंद कर दी जाएगी। इसके चलते शहर के सभी उच्च स्तरीय जलागारों से 24 और 25 फरवरी को शाम तक कम मात्रा में जल प्रदाय किया जाएगा।
क्यों जरूरी है यह मरम्मत
अमृत मिशन के अंतर्गत बिछाई गई 1000 मिमी व्यास की मुख्य पाइपलाइन शहर की पेयजल आपूर्ति की रीढ़ मानी जाती है। आगामी गर्मी में बढ़ती मांग को देखते हुए पाइपलाइन में सुधार कार्य को आवश्यक बताया गया है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी तकनीकी खराबी या जल संकट की स्थिति से बचा जा सके।
दो दिन रहेगी कम सप्लाई
23 फरवरी रात 11 बजे से बिरकोना प्लांट से जल प्रदाय बंद
24 फरवरी से 25 फरवरी सायं तक उच्च स्तरीय जलागारों से कम मात्रा में सप्लाई
पूरे शहर में जल दबाव प्रभावित रहने की संभावना
निगम ने स्पष्ट किया है कि सप्लाई पूरी तरह बंद नहीं रहेगी, लेकिन सामान्य दिनों की तुलना में पानी कम मात्रा में मिलेगा।
प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर से जल प्रदाय
यदि किसी क्षेत्र में जल संकट की स्थिति उत्पन्न होती है, तो वहां टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। निगम प्रशासन ने आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त टैंकर लगाने की भी तैयारी की है।
गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में शहर के कई इलाकों में पानी की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत को एहतियाती कदम माना जा रहा है। निगम प्रशासन ने शहरवासियों से दो दिन तक जल का समुचित उपयोग करने की अपील की है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।