Latest news

जादू टोना के शक में बुआ को टांगी से काट डाला, फूफा पर भी किया हमला — आरोपी भतीजा गिरफ्तार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
2 Min Read

मोहम्मद इसराइल बबलू
बिलासपुर, जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के शक ने एक बार फिर खून की होली खेल दी। बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जामुन जोबला में भतीजे ने अपनी ही बुआ की टांगी से वार कर हत्या कर दी, जबकि फूफा को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी को घटना में प्रयुक्त टांगी समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


जानकारी के अनुसार, मृतका सुखाड़ी पहाड़ी अपने पति के साथ शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव के ही एक व्यक्ति के घर हंडिया पीने गई थी। लौटते वक्त रास्ते में ही आरोपी मुकेश पहाड़ी ने दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सुखाड़ी पहाड़ी के गले पर टांगी से वार किया गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं पति किसी तरह भागकर जान बचाने में सफल रहा और थाने पहुंचकर पूरे मामले की सूचना दी।
सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पंचनामा रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि महिला की मौत गले पर टांगी से किए गए वार से हुई है।
पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी की घेराबंदी की और कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। बताया जा रहा है कि उसे शक था कि उसकी बुआ और फूफा उस पर तंत्र-मंत्र कर रहे हैं, जिससे उसका जीवन बिगड़ रहा है। इसी अंधविश्वास के चलते उसने यह जघन्य वारदात कर डाली।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी और आरोपी के खून से सने कपड़े जब्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 109 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।