Latest news

जुआ रेड बनी बवाल की वजह — युवक की मौत के बाद हिंसक विरोध, थाने में आगजनी-पत्थरबाजी; पुलिसकर्मी घायल, हाईवे जाम, बिलासपुर समेत छत्तीसगढ़ में कई जगह पर पड़ा छापा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

मो इसराइल बबलू

रेड के दौरान कुएं में गिरे युवक की मौत से भड़का जनाक्रोश, ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर किया प्रदर्शन, कई घंटे तक थमी रहीं वाहनों की कतारें


बिलासपुर, कोटा, तखतपुरसूरजपुर।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में पुलिस की जुआ रेड एक बड़ी घटना में तब्दील हो गई, जब छापेमारी के दौरान एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। दीपावली से ठीक पहले हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को हिला दिया। युवक की मौत की खबर फैलते ही माहौल बिगड़ गया और देर रात भारी संख्या में ग्रामीण थाने के बाहर जमा हो गए। देखते ही देखते विरोध हिंसक रूप ले लिया — भीड़ ने थाने के बाहर आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी।

पुलिस बल को स्थिति काबू करने के लिए लाठीचार्ज तक करना पड़ा। पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हुए और ग्रामीणों को भी चोटें आईं। उग्र प्रदर्शन और तनावपूर्ण माहौल के बीच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो ने रात 2 बजे तक मोर्चा संभालते हुए किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।


कुएं में मिला युवक का शव, सुबह तक बनी रही तनातनी

पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती रही युवक के शव को बाहर निकालना। रातभर कुएं में पड़े शव को निकालने में असफल रही पुलिस ने सुबह बड़ी संख्या में बल के साथ मौके पर पहुंचकर प्रयास शुरू किया। लेकिन मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों से लंबी बातचीत के बाद शव बाहर निकलवाया, लेकिन विरोध शांत नहीं हुआ। परिजन युवक का शव लेकर नेशनल हाईवे पर बैठ गए और घंटों तक सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।


डीएसपी ने की स्थिति संभालने की कोशिश, कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की, लेकिन वे दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को शांत करने के लिए बड़ी संख्या में बल की तैनाती की है।


प्रदेशभर में जुआ पर पुलिस की सख्ती — कोटा और तखतपुर में भी रेड

राज्यभर में दीपावली से पहले जुआ-सट्टे पर नकेल कसने की कार्रवाई जारी है।
बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में चार स्थानों पर रेड कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ₹6,980 नगद, ताश की पत्तियां और फट्टी बरामद की। वहीं, तखतपुर थाना पुलिस ने ग्राम नगोई और नवापारा में छापेमारी कर 13 जुआरियों को गिरफ्तार किया और ₹8,410 नगद सहित 52 पत्ती ताश जब्त की।

दोनों थानों की टीमों ने आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की है।


पुलिस मुख्यालय ने ली रिपोर्ट, प्रशासन अलर्ट पर

सूरजपुर में हुए बवाल के बाद पुलिस मुख्यालय रायपुर ने पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। घटना को लेकर प्रदेश के गृह विभाग ने स्थानीय अधिकारियों से कानून-व्यवस्था की निगरानी बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग तेज करने के निर्देश जारी किए हैं।


मेरी भी सुनिए..

“जुआ पर छापे जरूरी, लेकिन जनता से संवाद और संवेदनशीलता भी उतनी ही आवश्यक”
दीपावली के आसपास जुआ खेलने की प्रवृत्ति बढ़ जाती है, ऐसे में पुलिस की सख्ती स्वाभाविक है। लेकिन जब ऐसी कार्रवाई किसी मौत और जनविरोध में बदल जाए, तो यह पुलिस-जनसंपर्क और संवेदनशीलता दोनों की विफलता दर्शाती है। जुए के खिलाफ कार्रवाई हो — पर कानून की सख्ती से पहले इंसाफ और मानवीय दृष्टिकोण भी दिखना चाहिए।


Mohammed israil

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।