Latest news

24 घंटे में लाखों की चोरी का पर्दाफाश, सीपत पुलिस ने बरामद किया पूरा माल

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

बिलासपुर। सीपत पुलिस ने ग्राम दर्राभाठा में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी की चोरी का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर पुलिसिंग का भरोसा मजबूत किया है। पुलिस ने मामले में एक युवक और महिला को गिरफ्तार कर चोरी गया शत-प्रतिशत सोने-चांदी का माल बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक दर्राभाठा निवासी सनत कुमार रात्रे 24 अगस्त की सुबह रोज की तरह काम के लिए एनटीपीसी सीपत गए थे। उनकी पत्नी सविता देवी भी करीब 8.30 बजे घर में ताला लगाकर खेत में निदाई करने चली गईं। करीब 11.45 बजे जब वह वापस लौटीं तो घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो आलमारी खुली थी और लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा 10 हजार रुपए नकद गायब थे।
मुखबिर की सूचना बनी पुलिस के लिए अहम कड़ी
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सीपत ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कराई। जांच के दौरान बीट आरक्षकों को मुखबिर से सूचना मिली कि दिनेश सोनवानी को घटना के समय पीड़ित के घर के आसपास देखा गया था। पुलिस ने उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की तो पूर्व में भी चोरी के मामले में चालान होना सामने आया।
पुलिस ने दिनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने चोरी से इनकार किया, लेकिन पुलिस की सघन पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि पीड़ित का मकान उसके घर के पास ही है। घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर उसने दरवाजे का ताला तोड़ा और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर ली।
पकड़े जाने के डर से महिला के पास छिपाया माल
पुलिस के अनुसार चोरी के बाद आरोपी ने पकड़े जाने के डर से जेवर अपने सहयोगी सनिता कौसले के पास छिपा दिए थे। दिनेश की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महिला को भी हिरासत में लिया। दोनों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा सोने-चांदी का माल बरामद कर लिया गया।
ये सामान हुआ बरामद
7.66 ग्राम सोने के जेवर
361 ग्राम चांदी के जेवर
चोरी की घटना में शामिल आरोपियों से पूरा बरामद माल पुलिस ने जब्त किया।
इस कार्रवाई में आरोपी दिनेश सोनवानी पिता पंचराम सोनवानी, उम्र 31 वर्ष, निवासी दर्राभाठा, थाना सीपत और सनिता कौसले पति स्व. बसंत कौसले, उम्र 37 वर्ष, निवासी रामा केयर अस्पताल बिलासपुर, थाना सिविल लाइन को गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तेजी से हुई कार्रवाई
चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी तथा शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने के निर्देश पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव ने दिए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत सीपत पुलिस ने घटना के तत्काल बाद जांच तेज की और महज 24 घंटे में मामले को सुलझाने में सफलता हासिल की।
सीपत पुलिस की यह कार्रवाई इसलिए भी उल्लेखनीय है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पारंपरिक जांच के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदेही तक पहुंचकर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। पुलिस की तत्परता से न केवल वारदात का खुलासा हुआ, बल्कि पीड़ित परिवार की चोरी गई संपत्ति भी सुरक्षित वापस मिल गई।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।