

महमंद के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम संपन्न, विधायक दिलीप लहरिया भी रहे मौजूद
बिलासपुर/मस्तूरी। विद्यार्थी जीवन व्यक्ति के जीवन का स्वर्णिम समय होता है। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में शिक्षा सफलता की पहली सीढ़ी है, लेकिन शिक्षा के साथ संस्कार भी उतने ही जरूरी हैं। बिना संस्कार की शिक्षा व्यक्ति और समाज के लिए अभिशाप बन सकती है। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक एवं जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-3 के मार्गदर्शक त्रिलोक चंद्र श्रीवास ने ग्राम महमंद स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सरस्वती साइकिल वितरण कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम में बतौर अतिविशिष्ट अतिथि पहुंचे श्रीवास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है। विद्यार्थी जीवन में हासिल किया गया ज्ञान और संस्कार ही भविष्य की नींव तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिलीप लहरिया भी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और शासन की योजनाओं का लाभ लेकर विद्यार्थियों से अपने भविष्य को बेहतर बनाने की अपील की।
इस अवसर पर जिला पंचायत प्रतिनिधि चंद्र प्रकाश सूर्य, सरपंच प्रतिनिधि विक्की निर्मलकर, भाजपा नेता बरगाह तथा विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। छात्राओं को सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत साइकिल प्रदान की गई, जिससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच श्रीमती पूजा विक्की निर्मलकर, जनपद सदस्य श्रीमती रामादेवी मौर्य, कांग्रेस नेता पंडित महेश नारायण मिश्रा, मोहन जायसवाल, सौरभ मौर्य, शेर इमरान खान, अमित रजक, सीना यादव, सत्येंद्र तिवारी, राजेंद्र साहू, शुभम श्रीवास, जितेंद्र शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामवासी मौजूद रहे।



