Latest news

IIT भिलाई में ट्रैफिक हैकाथॉन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं से मांगे यातायात सुधार के नवाचार

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

‘Our City | Our Roads | Our Ideas’ थीम पर होगा आयोजन, 17 सितंबर तक कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन और आइडिया सबमिट
रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित किए जा रहे ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 को लेकर IIT भिलाई में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों, युवाओं और विशेषज्ञों को यातायात की वास्तविक समस्याओं से जोड़कर उनके तकनीकी एवं व्यवहारिक समाधान सामने लाना है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की परिकल्पना और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में आयोजित इस पहल के तहत IIT भिलाई में हुए कार्यक्रम में संस्थान के डायरेक्टर डॉ. राजीव प्रकाश, डीन संतोष विश्वास, चीफ टेक्निकल ऑफिसर अविजित महतो सहित दुर्ग-भिलाई के विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राएं और संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे।
पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन से समझाई हैकाथॉन की पूरी प्रक्रिया
कार्यक्रम में एसीपी ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू ने IIT भिलाई के विद्यार्थियों को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 की अवधारणा, उद्देश्य, विषय-वस्तु, सहभागिता और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से यातायात व्यवस्था से जुड़ी वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके तकनीकी, व्यावहारिक और नवाचारी समाधान प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रतिभागी केवल समस्या की पहचान तक सीमित न रहें, बल्कि ऐसे समाधान और तकनीकी मॉडल तैयार करें, जिन्हें भविष्य में शहर की यातायात व्यवस्था में वास्तविक रूप से लागू किया जा सके। युवाओं की तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और नवाचार रायपुर की यातायात व्यवस्था को स्मार्ट तथा नागरिक-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
छह प्रमुख विषयों पर दे सकेंगे आइडिया
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के लिए छह प्रमुख विषय निर्धारित किए गए हैं। प्रतिभागी इनमें से एक या एक से अधिक विषयों पर अपने आइडिया और समाधान प्रस्तुत कर सकते हैं।
ट्रैफिक इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन
पार्किंग प्रबंधन
सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियंत्रण
सार्वजनिक परिवहन का एकीकरण
गैर-मोटर चालित परिवहन—पैदल एवं साइकिल ट्रैक
ट्रैफिक प्रबंधन में AI/IoT का उपयोग
विद्यार्थी से लेकर स्टार्टअप और आम नागरिक तक ले सकेंगे हिस्सा
हैकाथॉन में व्यक्तिगत अथवा टीम के रूप में सहभागिता की जा सकती है। इसमें विद्यार्थी, इंजीनियर, अर्बन प्लानर, स्टार्टअप, एनजीओ और आम नागरिक शामिल हो सकते हैं। प्रतिभागियों को अपने नवाचार और समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
17 अगस्त से 17 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन और आइडिया सबमिशन
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के लिए रजिस्ट्रेशन एवं आइडिया सबमिशन की प्रक्रिया 17 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक चलेगी। प्रतिभागी Google Form के माध्यम से अपने आइडिया के साथ फोटो, वीडियो, मैप अथवा अन्य आवश्यक सामग्री संलग्न कर प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकते हैं। उत्कृष्ट और प्रभावी समाधान प्रस्तुत करने वाले विजेताओं को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से आकर्षक पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।
स्मार्ट सिग्नल से AI आधारित ट्रैफिक विश्लेषण तक में रुचि
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान IIT भिलाई और अन्य कॉलेजों के विद्यार्थियों में ट्रैफिक मैनेजमेंट से जुड़े विषयों को लेकर उत्साह दिखाई दिया। विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिग्नल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा आधारित ट्रैफिक विश्लेषण, पार्किंग प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन जैसे विषयों में रुचि दिखाई।
विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया कि वे अपने तकनीकी ज्ञान को शहर की वास्तविक यातायात समस्याओं से जोड़ें और ऐसे उपयोगी मॉडल तैयार करें, जिन्हें जमीन पर लागू किया जा सके।
पुलिस, तकनीकी संस्थानों और नागरिकों को एक मंच पर लाने की पहल
रायपुर यातायात पुलिस कमिश्नरेट का उद्देश्य इस हैकाथॉन के माध्यम से पुलिस, तकनीकी संस्थानों, युवाओं, विशेषज्ञों और नागरिकों को एक मंच पर लाकर यातायात समस्याओं के नए एवं स्थायी समाधान विकसित करना है। पुलिस का मानना है कि तकनीकी ज्ञान और युवा सोच के माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक स्मार्ट, सुरक्षित और नागरिक-केंद्रित बनाया जा सकता है।
“Our City | Our Roads | Our Ideas” की थीम पर आयोजित इस पहल के माध्यम से यातायात पुलिस ने अधिक से अधिक युवाओं, तकनीकी संस्थानों, विशेषज्ञों, स्टार्टअप्स, एनजीओ और नागरिकों से भागीदारी की अपील की है, ताकि अपने शहर, अपनी सड़कों और अपने विचारों के माध्यम से रायपुर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दिया जा सके।
संपर्क:
व्हाट्सऐप: 9479212870
ई-मेल: raipurTH.ieicgsc@gmail.com
सोशल मीडिया: @cpraipurpolice

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।