Mohammed israil
बिलासपुर, 10 अगस्त 2025।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव भूपेश बघेल आज बिलासपुर प्रवास पर रहे। सुबह 10 बजे विधायक अटल श्रीवास्तव के निवास पर पहुंचकर उन्होंने श्रीवास्तव परिवार और जिले के कांग्रेसजनों से मुलाकात की, हालचाल जाना और पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान विधायक मस्तूरी दिलीप लहरिया, विधायक अकलतरा राघवेन्द्र सिंह, विधायक चांपा-जांजगीर व्यास कश्यप, विधायक भाटापारा इन्द्रसाव, पूर्व विधायक रश्मि सिंह, शहर अध्यक्ष विजय पाण्डेय, वरिष्ठ नेता शिवा मिश्रा, शैलेष पाण्डेय, बैजनाथ चंद्राकर, पूर्व सांसद इग्रीड मैकलाउड सहित कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।





कोटा पहुंचने पर नाका चौक से लेकर सभा स्थल तक ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आदित्य दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने आतिशी स्वागत किया। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, शहर व ग्रामीण इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ आदिवासी समाज ने पारंपरिक गमछा, पगड़ी, खुमरी पहनाकर व पुष्पमालाओं से बघेल का सम्मान किया।
भूपेश बघेल का भाजपा सरकार पर हमला
विशाल आदिवासी सम्मेलन को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासियों की जन-जंगल-जमीन छीनकर उद्योगपतियों को सौंप रही है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में पेशा कानून लागू हुआ और 65 वनोपजों की खरीदी समर्थन मूल्य पर की गई, लेकिन वर्तमान ‘डबल इंजन’ सरकार ने इन योजनाओं को बंद कर दिया। बघेल ने कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी केन्द्र के इशारों पर आदिवासियों के खिलाफ निर्णय ले रहे हैं और हसदेव व तमनार के जंगल काटे जा रहे हैं।
उन्होंने आदिवासी समाज से एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि राहुल गांधी व कांग्रेस उनके साथ खड़े हैं। कार्यक्रम में विधायक अटल श्रीवास्तव और गोड़वाना गणतंत्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम ने भी संबोधन दिया और जन-जंगल-जमीन व खनिज संसाधनों को बचाने के लिए संगठित संघर्ष की जरूरत बताई।
सम्मेलन का संचालन प्रभु जगत व राजू सिदार ने किया। समाज के प्रतिभाशाली सदस्यों का सम्मान और मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे और अतिथियों का संबोधन सुना। कार्यक्रम के बाद भूपेश बघेल बिलासपुर से रायपुर होते हुए दुर्ग के लिए रवाना हुए।



