Mohammed israil
एसीसीयू और सरकंडा थाना की संयुक्त टीम ने दिखाई फुर्ती, शातिर चोर धराया
बिलासपुर। सरकंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि त्वरित और समन्वित पुलिसिंग से संगीन अपराधों का भी घंटों में समाधान संभव है। खमतराई रोड स्थित गीता ज्वेलर्स और ओम मेडिकल में हुई दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का पुलिस ने महज 6 घंटे में खुलासा करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से सोने-चांदी के जेवर और नगदी समेत कुल 3.5 लाख रुपए का मषरूका बरामद किया गया।
घटनाक्रम

8 अगस्त 2025 की सुबह सरकंडा पुलिस को लगातार दो चोरी की शिकायतें मिलीं।
- पहली वारदात: देवंदन नगर फेस-2, खमतराई रोड स्थित गीता ज्वेलर्स के संचालक रितेश गुप्ता ने बताया कि 7 अगस्त की रात 9:40 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। सुबह मकान मालिक ने ताला टूटा होने की सूचना दी। जांच में पता चला कि सोने-चांदी के आभूषण और 3,000 रुपए नकद चोरी हो गए हैं।
- दूसरी वारदात: उसी रात 9:30 बजे ओम मेडिकल संचालक केशव प्रसाद साहू ने दुकान बंद की थी। सुबह 7:30 बजे पहुंचने पर ताला टूटा मिला और काउंटर से 2,700 रुपए गायब थे।
दोनों मामलों में थाना सरकंडा ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और सरकंडा थाना की संयुक्त टीम बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेंद्र जायसवाल, एसीसीयू प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार और सीएसपी (सरकंडा) सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में जांच शुरू हुई।
पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध की तस्वीर मिली। मुखबिर की सूचना पर स्वर्णिम ऐरा कॉलोनी में दबिश देकर संदिग्ध विशु लहरे उर्फ ढोलू (25 वर्ष) को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने दोनों चोरी की वारदातें कबूल कीं और चोरी का सामान बरामद कराया।
बरामद मषरूका
- सोने-चांदी के आभूषण
- नगदी ₹5,700 (दोनों मामलों से)
- कुल अनुमानित मूल्य: ₹3,50,000
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफलता में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सउनि शैलेन्द्र सिंह, सउनि प्रदीप यादव, प्र.आर. बलवीर सिंह, प्रमोद सिंह, आरक्षक विवेक राय, विकास यादव, संजीव जांगड़े, सत्य कुमार पाटले और एसीसीयू के प्र.आर. आतिश पारिक, आर. रवि यादव, तदबीर पोर्ते एवं राहुल सिंह का विशेष योगदान रहा।



