Latest news

महंगे मोबाइल की चाहत में चोरी की राह पर किशोर — सरकंडा पुलिस ने सुलझाए दो मोबाइल चोरी के मामले

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read


सीसीटीवी की मदद से पकड़े गए दो किशोर, ₹50,000 की चोरी की संपत्ति बरामद, किशोर न्यायालय में पेशी

बिलासपुर, 6 अगस्त 2025 |
आज के दौर में मोबाइल खासकर महंगे स्मार्टफोन युवाओं और किशोरों के बीच शौक और स्टेटस का प्रतीक बन गया है। इस शौक की पूर्ति के लिए अब किशोर चोरी जैसे संगीन अपराधों में भी बिना खौफ के उतरने लगे हैंसरकंडा थाना पुलिस ने ऐसे ही दो अलग-अलग मोबाइल चोरी के मामलों को सुलझाते हुए दो किशोरों को पकड़ा है, जिनके पास से कुल 2 महंगे मोबाइल फोन व लगभग ₹50,000 की संपत्ति बरामद की गई है। दोनों को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया


पहली वारदात: बंद कमरे से रात में मोबाइल चोरी

प्रार्थिया सुनीता मानिकपुरी, उम्र 27 वर्ष, निवासी सूर्या विहार, सरकंडा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 अगस्त 2025 की रात लगभग 11 बजे उन्होंने अपने ₹19,999 कीमत वाले विवो स्मार्टफोन को बेडरूम के रैक में रखकर परिवार सहित कमरा अंदर से बंद कर सोई थीं। रात करीब 3:45 बजे नींद खुलने पर उन्होंने पाया कि बेडरूम का दरवाजा खुला था और मोबाइल गायब था

सुबह पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने पर एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां दिखाई दीं, जिस पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1055/2025, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।


दूसरी वारदात: बिस्तर के सिरहाने से मोबाइल गायब

इसी दिन प्रार्थी सुरेन्द्र देवांगन, उम्र 27 वर्ष, निवासी बसंत विहार, सरकंडा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह रात को सोते समय अपना ₹30,000 कीमत वाला विवो मोबाइल बिस्तर के सिरहाने रखकर सो गया था। सुबह उठने पर देखा कि मोबाइल गायब है। काफी खोजबीन के बाद भी जब मोबाइल नहीं मिला तो अपराध क्रमांक 1056/2025, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया गया।


CCTV फुटेज से खुली चोरी की परतें, प्रभात चौक से पकड़े गए किशोर

दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल तथा सीएसपी सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

CCTV फुटेज खंगालने और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर टीम को सूचना मिली कि प्रभात चौक क्षेत्र में दो किशोर महंगे मोबाइल फोन इस्तेमाल करते देखे जा रहे हैं। संदेह होने पर दोनों किशोरों को परिजनों सहित थाना तलब किया गया। पूछताछ में दोनों ने अलग-अलग घरों में घुसकर मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया, और चोरी किए गए दोनों मोबाइलों को बरामद कराया गया।


बरामद संपत्ति:

  • विवो स्मार्टफोन (₹19,999)
  • विवो स्मार्टफोन (₹30,000)
  • कुल अनुमानित मूल्य – ₹50,000

किशोर न्यायालय में पेश, सुधार की राह पर प्रयास

दोनों किशोरों को संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां उनके भविष्य को देखते हुए न्यायालय सुधारात्मक दिशा में उचित निर्णय लेगा

पुलिस ने अभिभावकों और समाज से अपील की है कि बच्चों को बिना ज़रूरत महंगे मोबाइल से दूर रखें और उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें, ताकि वे शॉर्टकट और अपराध के रास्ते से दूर रहें


टीम में शामिल अधिकारी:

इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक निलेश पांडेय, सहायक उपनिरीक्षक, मुखबिर तंत्र, तकनीकी स्टाफ और अन्य पुलिस कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।



खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।