सीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई — लूट और चोरी के मोबाइल, नगदी व बाइक बरामद, आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
बिलासपुर, 6 अगस्त 2025
सीपत-बलौदा मुख्य मार्ग पर वाहन चालकों से लूटपाट और मोबाइल चोरी की दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर युवकों को सीपत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन, नगद 1300 रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
घटना का विवरण:
प्रार्थी नरेंद्र कुमार लहरे, उम्र 24 वर्ष, निवासी लेवई नवापारा ख. (थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा) ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रेलर क्रमांक CG 12 BS 4353 में कोरबा दीपका खदान से कोयला लोड कर जयरामनगर रेलवे साइट में खाली ट्रेलर छोड़ने के बाद 05 अगस्त 2025 की रात लगभग 1:00 बजे अकेले ही वापस खदान की ओर लौट रहा था।
जब वह ग्राम खाड़ा, कोलवासरी मोड़ के पास पहुंचा, तभी तीन युवकों ने पैशन प्रो (काले-नीले-सिल्वर रंग) मोटरसाइकिल को ट्रेलर के सामने अड़ा दिया। रोकने पर युवकों ने पैसे की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट की और उसकी शर्ट की जेब से सैमसंग मोबाइल और नगदी 1300 रुपये लूट लिए।
इसी दौरान एक अन्य पीड़ित ने भी परसाही से अपना रियलमी मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर अलग से अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना सीपत पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए विशेष टीम गठित की। सटीक सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया और उनसे कड़ी पूछताछ की गई।
पूछताछ में तीनों युवकों ने अपराध स्वीकार किया और मेमोरेंडम कथन के आधार पर लूट व चोरी का सामान बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- सूरज यादव, पिता बालाराम यादव, उम्र 22 वर्ष
- शिवम दास मानिकपुरी उर्फ बबली उर्फ विश्शु, पिता लक्ष्मण दास मानिकपुरी, उम्र 21 वर्ष
- बंधन निषाद, पिता माधव निषाद, उम्र 20 वर्ष, साकिन ईमली डुग्गू, संतोषी माता मंदिर के पास, थाना सिटी कोतवाली, जिला कोरबा
बरामद संपत्ति:
- 2 मोबाइल फोन (Samsung और Realme) – अनुमानित मूल्य ₹25,000
- नगदी ₹1300
- एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल – लूट के दौरान प्रयुक्त
- एक गियर कांटा पंच – संदिग्ध औजार
न्यायिक रिमांड और पुलिस टीम की भूमिका:
सभी आरोपियों को दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पूरी कार्रवाई में निरीक्षक गोपाल सतपथी, सउनि शिव सिंह बक्साल, आरक्षक लक्ष्मण चंद्रा और शैलेन्द्र कुर्रे का विशेष योगदान रहा।
सीपत पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले इन लूटपाट गिरोह का भंडाफोड़ हो सका, जिससे स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली है।



