00 दोपहर में हुई शिकायत शाम में कार्रवाई
00 पार्षद पद के प्रत्याशियों की शिकायत को गंभीरता से लिया
बिलासपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर तीन नेताओं को पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई वार्ड 35 नागोराव शेष नगर के कांग्रेस प्रत्याशी आदेश पांडेय की शिकायत के बाद की गई।
आदेश पांडेय ने कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा पांडेय, आईटी सेल के राहुल ठाकुर और लल्ला सोनी ने चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार किया, जिससे पार्टी को नुकसान पहुंचा।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय पांडेय ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए इन तीनों नेताओं को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया।
पार्टी प्रवक्ता ऋषि पांडेय ने बताया कि पार्टी अनुशासनहीनता को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती है। यह कदम पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुटता और अनुशासन बनाए रखने के लिए उठाया गया है।



