Latest news

बैमा नगोई स्कूल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने ली ईमानदारी की शपथ

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
3 Min Read

ई-कचरा प्रबंधन पर दिया संदेश, राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओं ने लोकनृत्य से बांधा समां
बैमा नगोई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैमा नगोई की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से बहुउद्देशीय रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत मुख्य अतिथि डॉ. मनोज सिन्हा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और उपस्थित ग्रामीणों को ईमानदारी बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार से मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में नैतिक मूल्यों, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और ई-कचरा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य श्री सविस कुमार कश्यप ने मुख्य अतिथि डॉ. मनोज सिन्हा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। स्वागत भाषण में उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही नैतिक मूल्यों के महत्व और ई-कचरा प्रबंधन की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।
जिम्मेदार नागरिक बनने में एनएसएस की अहम भूमिका
मुख्य अतिथि डॉ. मनोज सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को समाजसेवा से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ई-कचरा पर्यावरण के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। इससे होने वाले नुकसान को रोकने के लिए ई-कचरे का उचित प्रबंधन और उसका सुरक्षित निपटान आवश्यक है।
ईको क्लब ने आयोजित कीं प्रतियोगिताएं
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के ईको क्लब की ओर से ई-कचरा प्रबंधन के विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। विद्यालय के व्याख्याता श्री प्रताप पटेल ने ई-कचरा प्रबंधन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं कक्षा 11वीं के छात्र समीर ने इस विषय पर भाषण प्रस्तुत किया।
छात्राओं ने लोकनृत्य से मोहा मन
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी आकर्षण बढ़ाया। राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओं कु. शारदा, भगवती, सपना, सोनिया, रोशनी, वर्षा, आंचल और दुर्गा ने शानदार लोकनृत्यों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी श्री रितेश शुक्ला ने किया, जबकि श्रीमती रंजना दुबे ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का सहयोग रहा।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।