Latest news

अंडर-14 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट: कवर्धा ने बिलासपुर ब्लू को 66 रन से हराया, नारायणपुर ने जशपुर पर दर्ज की 41 रन से जीत

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
5 Min Read

रेलवे मैदान पर कवर्धा ने बनाए 217 रन, विवान सिन्हा की नाबाद 84 रन की पारी; रघुराज सिंह स्टेडियम में चिराग कुमार नाग ने झटके 6 विकेट
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की ओर से 27 अक्टूबर से अंडर-14 प्लेट ग्रुप वनडे इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतियोगिता के पहले दिन रेलवे मैदान पर खेले गए मुकाबले में कवर्धा ने बिलासपुर ब्लू को 66 रन से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। वहीं, रघुराज सिंह स्टेडियम में नारायणपुर ने जशपुर को 41 रन से शिकस्त दी। दोनों मैदानों पर युवा खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अपना दमखम दिखाया।
विवान सिन्हा की नाबाद 84 रन की पारी से कवर्धा ने खड़ा किया 217 रन का स्कोर
रेलवे मैदान पर बिलासपुर ब्लू और कवर्धा के बीच खेले गए मुकाबले में कवर्धा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 217 रन बनाए। विवान सिन्हा ने नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कुशाग्र ध्रुव ने 60 रन का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों की पारियों की बदौलत कवर्धा की टीम मजबूत स्कोर तक पहुंची।
बिलासपुर ब्लू की ओर से अवनीश शुक्ला और विनायक उपाध्याय ने 2-2 विकेट हासिल किए।
151 रन पर सिमटी बिलासपुर ब्लू की टीम
218 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिलासपुर ब्लू की टीम 43.2 ओवर में 151 रन बनाकर आउट हो गई। टीम की ओर से राघवेंद्र चौहान ने 57 रन और शौर्य लहरे ने 29 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज लक्ष्य तक पहुंचने में नाकाम रहे।
कवर्धा की ओर से संकेत कुमार पाटिल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। इस तरह कवर्धा ने 66 रन से मुकाबला अपने नाम कर पूरे 4 अंक हासिल किए।
मैच में निर्णायक की भूमिका विशाल सिंघानिया और शैलेश उपाध्याय ने निभाई। टी. साई कुमार ऑब्जर्वर और मोहम्मद जाकिर स्कोरर रहे। बिलासपुर ब्लू टीम के कोच सैय्यद जावेद, नावेद अली और सौरभ राय हैं।
नारायणपुर के 67 रन के जवाब में जशपुर की टीम 26 पर ढेर
रघुराज सिंह स्टेडियम में जशपुर और नारायणपुर के बीच प्रतियोगिता का प्रारंभिक मुकाबला खेला गया। मैच के दौरान क्रिकेट संघ बिलासपुर के कोषाध्यक्ष गुरुदीप सिंह टुटेजा, सहसचिव शरद मुरारका और वरिष्ठ खिलाड़ी गुरुचरण सिंह की मौजूदगी में टॉस की प्रक्रिया पूरी कराई गई। अतिथियों ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। अपने संबोधन में उन्होंने युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए खेल भावना के साथ मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
मुकाबले में नारायणपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की, लेकिन टीम 22.4 ओवर में 67 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नमन मंडल ने सर्वाधिक 15 रन बनाए। जशपुर की ओर से प्रतीक तिर्की और देवांश गोयल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट हासिल किए।
चिराग कुमार नाग की घातक गेंदबाजी, नारायणपुर को मिली जीत
68 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी जशपुर की टीम नारायणपुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 20.2 ओवर में महज 26 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जशपुर का कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया।
नारायणपुर की ओर से चिराग कुमार नाग ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके, जबकि यश कश्यप ने 3 विकेट हासिल किए। इस प्रदर्शन के दम पर नारायणपुर ने 41 रन से जीत दर्ज की।
इस मैच में महेश वर्मा और ऋषभ सोनी निर्णायक रहे। राजेश शुक्ला ने ऑब्जर्वर और महेश दत्त मिश्रा ने स्कोरर की जिम्मेदारी निभाई।
आज रेलवे मैदान पर कवर्धा-नारायणपुर मुकाबला
प्रतियोगिता के अगले मुकाबले में 28 अक्टूबर को रेलवे मैदान पर कवर्धा और नारायणपुर की टीमें आमने-सामने होंगी। वहीं, रघुराज सिंह स्टेडियम में बिलासपुर ब्लू और जशपुर के बीच मैच खेला जाएगा।
मैचों के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के सचिव विंटेश अग्रवाल, क्रिकेट संघ बिलासपुर के अध्यक्ष नवीन जाजोदिया और सचिव देवेंद्र सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता से जुड़ी यह जानकारी क्रिकेट संघ बिलासपुर के सचिव देवेंद्र सिंह ने दी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।