00 पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के पहले ही फूड प्वाइजनिंग से मौत का कारण बताते रहे कुछ अफसर
00 निगम आयुक्त मौत के संबंध में जानकारी लेने पहुंचे सिम्स
बिलासपुर जिले के बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम लोफंदी में जहरीली शराब के कारण हुई मौतों की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। इधर चुनाव के कारण जिला प्रशासन के अधिकारियों के हाथ पांव फूलने लगे हैं। यही वजह है कि अफसर पूरे मामले को फूड प्वाइजनिंग से जोड़कर देखने लगे। जबकि अधिकृत तौर पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का खुलासा भी नहीं किया गया है। शनिवार को निगम आयुक्त अमित कुमार स्वयं सिम्स पहुंचकर मृतकों के संबंध में जानकारी लेते रहे। वहीं जांच समिति की जिम्मेदारी यह होगी कि वह घटना की गहराई से जांच कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करे और उनकी समस्याओं को सुने। समिति अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।



उल्लेखनीय है कि जहरीली शराब के सेवन से बिलासपुर जिले के बेलतरा क्षेत्र में 8 ग्रामीणों की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया देखी जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने यह भी निर्देश दिया है कि समिति घटना के सभी पहलुओं पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कदम उठाने के सुझाव दे। इससे न केवल पीड़ित परिवारों को राहत मिल सकेगी, बल्कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय भी सुनिश्चित किए जा सकेंगे।



