Latest news

गर्भवती का जबरन गर्भपात कराने के मामले में डॉ. उज्ज्वला कराड़े की मुश्किलें बढ़ीं, अग्रिम जमानत खारिज; गिरफ्तारी का शिकंजा कसने लगा

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
4 Min Read

तलाक की राह आसान करने के लिए पति पर डॉक्टर से मिलीभगत कर तीन महीने का गर्भ गिराने का आरोप; पीड़िता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. कराड़े के खिलाफ दर्ज किया है अपराध, दोनों आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर

बिलासपुर। पत्नी की सहमति के बिना उसका गर्भपात कराने के गंभीर आरोपों से घिरीं जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्ज्वला कराड़े की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए लगाई गई उनकी अग्रिम जमानत याचिका जिला न्यायालय ने खारिज कर दी है। कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद अब डॉक्टर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर नजरें टिक गई हैं। इस मामले में आरोपी पति सुयश अग्रवाल और डॉक्टर दोनों फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

मामले में पीड़िता ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए अपने पति और डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, महिला तीन महीने की गर्भवती थी। इसी दौरान कोरबा निवासी उसके पति सुयश अग्रवाल ने उससे तलाक लेने का मन बना लिया। आरोप है कि पति को आशंका थी कि बच्चे का जन्म होने के बाद तलाक की प्रक्रिया में कानूनी और पारिवारिक अड़चनें आ सकती हैं। इसी मंशा से उसने जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्ज्वला कराड़े के साथ मिलकर पत्नी की सहमति के बिना गर्भपात करा दिया।

अग्रिम जमानत खारिज, गिरफ्तारी से बचने की कोशिश नाकाम

पीड़िता की शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और डॉ. उज्ज्वला कराड़े के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 89 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी की आशंका के बीच डॉक्टर ने जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन पेश किया था। हालांकि, न्यायालय ने उनकी याचिका खारिज कर दी। इससे आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तारी से पहले कानूनी राहत मिलने की कोशिश नाकाम हो गई है।

पति और डॉक्टर दोनों की तलाश में पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुटी है। सीएसपी परमेश्वर तिलकवार के अनुसार, प्रकरण की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल पति सुयश अग्रवाल और डॉ. उज्ज्वला कराड़े की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अब जांच के दायरे में गर्भपात की पूरी प्रक्रिया

इस प्रकरण में सबसे अहम सवाल यह है कि तीन महीने की गर्भवती महिला का गर्भपात किन परिस्थितियों में कराया गया और इसमें अस्पताल की भूमिका क्या थी। पीड़िता ने अपनी शिकायत में पति और डॉक्टर की मिलीभगत का आरोप लगाया है। अब पुलिस जांच में गर्भपात की परिस्थितियों, महिला की सहमति और अस्पताल में अपनाई गई प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों की पड़ताल महत्वपूर्ण होगी। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद इस मामले में आगे की पुलिस कार्रवाई पर भी सबकी नजर रहेगी।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।