Latest news

बिलासपुर में चाकू गैंग का बेखौफ नेटवर्क… रील में धमकी, सड़कों पर लूट और घरों में घुसकर वारदात; पुलिस की कार्रवाई के बावजूद बदमाशों के हौसले बुलंद

Mohammed Israil
Mohammed Israil  - Editor
11 Min Read
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो।

राजकिशोर नगर में चाकू लहराकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने का खेल, अपोलो चौक पर युवक को चाकू मारने के बाद घंटों सड़क पर उत्पात | एक रात में तीन लूट-झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले पांच नाबालिग भी पकड़ाए | 11 महीने में 80 से ज्यादा चाकूबाजी की घटनाएं, 8 लोगों की मौत और 130 से अधिक घायल
बिलासपुर।
बिलासपुर की सड़कों पर चाकू अब सिर्फ हमले का हथियार नहीं रह गया है, बल्कि दहशत दिखाने, रौब जमाने और सोशल मीडिया पर अपनी दबंग छवि गढ़ने का जरिया भी बनता जा रहा है। कहीं बदमाश कैमरे के सामने चाकू लहराकर खुलेआम धमकी दे रहे हैं, कहीं आधी रात सड़क पर राहगीरों को घेरकर मोबाइल लूटे जा रहे हैं और कहीं घर के भीतर घुसकर मोबाइल झपटने के बाद बैंक खाते तक पहुंच बनाई जा रही है। वारदातों के तरीके अलग-अलग हैं, लेकिन इनके पीछे बेखौफ होते अपराधियों की तस्वीर एक जैसी है।
राजकिशोर नगर से लेकर अपोलो चौक, तालापारा, तैयबा चौक और मंगला बाइपास तक सामने आए घटनाक्रम ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस की कार्रवाई के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन अपराधियों के बीच कानून का खौफ दिखाई नहीं दे रहा। पिछले 11 महीनों में चाकूबाजी की 80 से अधिक घटनाओं में 130 से ज्यादा लोग घायल हुए और आठ लोगों की जान चली गई। पुलिस 360 से अधिक लोगों पर आर्म्स एक्ट और 500 से ज्यादा लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर चुकी है। इसके बावजूद चाकू के दम पर आतंक फैलाने का सिलसिला जारी है।
कैमरे के सामने चाकू, सड़क पर खुलेआम चुनौती
राजकिशोर नगर में चाकू लहराते हुए बनाए गए रील वीडियो ने बदमाशों के नए अंदाज को उजागर किया है। वायरल वीडियो में दो युवक अलग-अलग अंदाज में चाकू दिखाते नजर आ रहे हैं। उनका मकसद किसी फिल्मी दृश्य की नकल भर नहीं, बल्कि लोगों के बीच अपनी दबंग छवि और भय का माहौल बनाने जैसा दिखाई देता है। हथियारों के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का यह चलन अब पुलिस के लिए भी चुनौती बन रहा है।
दूसरी तरफ अपोलो चौक पर बाइक सवार युवक को चाकू मारने के बाद बदमाशों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ। बताया गया कि वारदात में तीन लोग शामिल थे और पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हमला किया गया। घटना के बाद इलाके में भीड़ जमा हो गई, लेकिन बदमाशों का उत्पात चर्चा का विषय बना रहा। पुलिस के मुताबिक इस मामले में एक आरोपी पकड़ा गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
एक रात, तीन वारदातें और स्कूटी सवार नाबालिगों का आतंक
शहर में चाकू और लूट की घटनाओं का एक और गंभीर पहलू सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सामने आया। एक ही रात अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों को स्कूटी सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। वारदातों में पांच नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई है।
पहली घटना में अशोक नगर सरकंडा निवासी 22 वर्षीय ललित कुमार यादव अपने दोस्त के साथ रात करीब 3.30 बजे व्यापार विहार पार्सल लेने जा रहा था। तालापारा बजरंग चौक के पास स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर उसका ओप्पो मोबाइल लूट लिया।
दूसरी वारदात में बलरामपुर से बिलासपुर आए अक्षय कुमार गुप्ता को निशाना बनाया गया। वह रात करीब तीन बजे राजीव गांधी चौक से पैदल अपने किराये के मकान रवि हाइट्स जा रहे थे। तैयबा चौक के पास स्कूटी सवार तीन युवकों ने उन्हें रोका और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जेब से 22 हजार रुपये कीमत का मोटोरोला मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
तीसरी घटना मंगला बाइपास रोड स्थित अमलताश कॉलोनी के पास हुई, जहां स्कूटी सवार बदमाशों ने अंकित पटेल को रोककर उसका मोबाइल झपट लिया। लगातार तीन वारदातों से इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस ने सूचना के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान लूटे गए मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे युवकों की जानकारी मिली। घेराबंदी कर पांच नाबालिगों को पकड़ा गया। उनके कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। पांचों को विधि से संघर्षरत बालक के रूप में किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
घर में घुसे, मोबाइल छीना और फर्जी यूपीआई से खाते तक पहुंच गए
सकरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने झपटमारी का ऐसा तरीका अपनाया, जिसमें मोबाइल फोन ही बैंक खाते तक पहुंचने का जरिया बन गया। 25 नवंबर की रात करीब 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और कमरे में मोबाइल देख रहे रितिक यादव का मोबाइल छीनकर ले गया। इसके बाद मोबाइल में लगी सिम को दूसरे फोन में डालकर फर्जी यूपीआई कोड तैयार किया गया और खाते से रकम निकाल ली गई।
मामले की जांच में पुलिस को पता चला कि गनियारी निवासी विक्की वर्मा को पीड़ित परिवार के घर आने-जाने की जानकारी थी। उसे यह भी पता था कि संबंधित बैंक खाते में चार से पांच लाख रुपये हैं। पुलिस ने संदेह के आधार पर विक्की को पूछताछ के लिए बुलाया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन पूछताछ में उसने अपने दो साथियों बलराम वर्मा और संदीप वर्मा के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार तीनों ने योजना बनाकर घर में प्रवेश किया, मोबाइल छीना और उसमें लगी सिम दूसरे मोबाइल में डालकर फर्जी यूपीआई के माध्यम से ट्रांजेक्शन किया। आरोपियों की निशानदेही पर झपटमारी का मोबाइल, टूटी हुई सिम और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम बरामद की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस मामले में बलराम वर्मा (23), विक्की वर्मा (34) और संदीप वर्मा (32), तीनों निवासी गनियारी, थाना कोटा, के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
360 आर्म्स एक्ट, 500 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, फिर भी नहीं थम रहा चाकू का खेल
चाकूबाजी और हथियारों के प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई के आंकड़े भी कम नहीं हैं। पिछले 11 महीनों में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न थाना इलाकों में 360 से अधिक लोगों को हथियार लेकर घूमते या दहशत फैलाते पकड़ा गया। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा 500 से अधिक लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई।
त्योहारों के दौरान विशेष अभियान चलाए गए। संदिग्धों की धरपकड़ हुई, हथियार जब्त किए गए और अपराधियों को चेतावनी देने के लिए कार्रवाई की गई। लेकिन इन सबके बीच चाकूबाजी की घटनाओं में लगातार सामने आ रही वारदातें पुलिस की रणनीति के असर पर सवाल खड़े कर रही हैं।
ऑनलाइन शॉपिंग साइटों पर खुलेआम हथियारों की बिक्री
चाकूबाजी के बढ़ते मामलों के बीच ऑनलाइन हथियारों की उपलब्धता भी चिंता का विषय बन रही है। जानकारी के अनुसार करीब 20 ऑनलाइन शॉपिंग साइटों पर डिजाइनर और बटनदार चाकू, लोहे की रॉड तथा पंच जैसे सामान बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इन पर बाजार मूल्य की तुलना में 46 से 69 प्रतिशत तक छूट दिखाई जा रही है। ऑर्डर करने पर घर तक डिलीवरी की सुविधा भी उपलब्ध है।
ऐसे हथियारों की ऑनलाइन बिक्री और आपूर्ति की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हथियारों के प्रदर्शन वाले वीडियो और सड़क पर चाकू के इस्तेमाल की घटनाएं सामने आने के बीच ऑनलाइन उपलब्धता अपराधियों के लिए हथियार हासिल करना आसान बना सकती है।
विशेषज्ञ की नजर में: दबंग छवि बनाने की होड़
युवाओं में खुद को दबंग और गुंडा दिखाने के लिए चाकू तथा दूसरे हथियारों के साथ रील बनाने और वायरल करने का चलन बढ़ रहा है। ऐसे वीडियो के जरिए लोगों में भय पैदा करने और अपने प्रभाव का प्रदर्शन करने की कोशिश की जाती है, ताकि दूसरे लोग डरकर उनकी बात मानें। कुछ युवा सोशल मीडिया पर अपनी छवि बेहतर दिखाने के लिए भी ऐसा करते हैं। इसका प्रभाव नाबालिग बच्चों में भी बढ़ रहा है।
गश्त पर सवाल, अपराधियों के हौसले पर चर्चा
शहर में लगातार हो रही वारदातों के बीच पुलिस की पेट्रोलिंग और निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। सरकंडा क्षेत्र में पेट्रोलिंग के नाम पर वसूली के आरोप लगाए जा रहे हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पुलिस गाड़ी इमलीपारा रोड पर खड़ी रहने की बात सामने आई है। दूसरे थाना क्षेत्रों में भी गश्त के नाम पर आरक्षकों द्वारा अधिकारियों को गुमराह करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
ऐसे में सवाल सिर्फ यह नहीं है कि पुलिस कितने बदमाशों को पकड़ रही है, बल्कि यह भी है कि कार्रवाई के बाद भी शहर की सड़कों पर चाकू लेकर घूमने, राहगीरों को धमकाने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं?
एक तरफ कार्रवाई के सैकड़ों आंकड़े हैं, दूसरी तरफ चाकू के दम पर दहशत की लगातार सामने आती तस्वीरें। बिलासपुर में अपराध का यह बदलता चेहरा पुलिस के सामने एक ऐसी चुनौती बनकर खड़ा है, जिसमें अपराधी वारदात करने के साथ उसका वीडियो बनाकर अपनी दहशत का प्रचार भी कर रहे हैं।

खबर को शेयर करने के लिए क्लिक करे।।